कड़ी सुरक्षा में किया गोडसे को याद

Nov 15 2019

ग्वालियर। दौलतगंज स्थित हिंदू महासभा कार्यालय शुक्रवार को सुबह से ही पुलिस के पहरे में था और हर आने-जाने वाले पर पुलिस के जवान नजर रखे हुए थें। हिंदू महासभा कार्यालय में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच नाथूराम गोडसे व नारायण आपटे का बलिदान दिवस मनाया गया। गोडसे के बलिदान दिवस को देखते हुए पुलिस अफसर सतर्क थें कि कहीं कोई घटना न हो जाए, क्योंकि पूर्व में हिंदू महासभा के नेताओं ने  नाथूराम गोडसे का मंदिर बना दिया था। जिसे लेकर विवाद हुआ था और पुलिस ने मूर्ति जप्त कर ली थीं। गोडसे का बलिदान दिवस शांतिपूर्ण तरीके से मन सके इसके लिए हिंदू महासभा कार्यालय को पुलिस छावनी बना दिया गया था। वहीं हिंदू महासभाइयों ने गोडसे को याद करते
हुए श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए विचार गोष्ठी का आयोजन किया। इस विचार गोष्ठी पर इंटेलीजेंसी विभाग की नजर भी रही। कार्यक्रम में कैलाश नारायण शर्मा, नरेश बाथम सहित कई लोग मौजूद थे। इस दौरान मूर्ति वापस करने की मांग को लेकर हिंदू महासभाइयों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया।