पुलिस ने स्मैक लेकर आया तस्कर दबोचा

Nov 13 2019

ग्वालियर। स्मैक लेकर आए एक तस्कर को महाराजपुरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लक्ष्मणगढ़ पुल के पास से पकड़ा है। पकड़े गए तस्कर की तलाशी में उससे 20 ग्राम स्मैक कीमत करीब दो लाख रुपए की बरामद की है। पुलिस ने पकड़े गए तस्कर को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 
सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया ने बताया कि लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि एक युवक लक्ष्मणगढ़ इलाके में स्मैक लेकर आता है। सूचना पर मुखबिरों को अलर्ट कर सूचना की तस्दीक की और लक्ष्मणगढ़ पुल के पास क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस के जवान सिविल ड्रेस में लगाए गए। देर रात एक युवक आता दिखा, जो पुलिस जवानों को देखते ही भागने लगा। भाग रहे तस्कर का पीछा कर पकड़ा और उसकी तलाशी ली तो उसके पास से बीस ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई है। स्मैक बरामद होते ही पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया और थाने लाकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम राजेन्द्र झमोले पुत्र वृंदावन झमोले निवासी बीपी सिटी बताया है। अब पुलिस पकड़े गए तस्कर से पूछताछ कर रही है कि वह स्मैक की खेप कहां पर बेचता था। उसके इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। 
पूछताछ में पकड़े गए तस्कर ने बताया है कि वह भिण्ड से स्मैक की खेप लेकर आता है। इसका पता चलते ही पुलिस की एक टीम स्मैक सप्लायर की तलाश में भिण्ड रवाना की गई है।