सफाई कर्मचारी की जेरे इलाज मौत, कर्मचारी हड़ताल पर

Nov 11 2019

ग्वालियर। मुरार जिला अस्पताल में हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत का जिम्मेदार अस्पताल प्रबंधन को ठहराते हुए सोमवार को जिला अस्पताल में काम कर रहे सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों का कहना है कि महिला की मौत का जिम्मेदार अस्पताल प्रबंधन है। जिला अस्पताल में काम करने वाले आधा सैकड़ा कर्मचारियों को जब तक संसाधन व सुरक्षा व आर्थिक मदद उपलब्ध प्रबंधन नहीं कराएगा जब तक हमारी हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के चलते अस्पताल में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। 
मुरार जिला अस्पताल में सफाई कर्मी रामबाई पत्नी कैलाश वाल्मीक उम्र 55 साल व रविवार को अस्पताल की छत की सफाई करते समय छत से गिरकर घायल हो गई थी, हादसे का शिकार हुई रमाबाई को उपचार के लिये जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था। जहां उसकी मौत हो गई। सफाई कर्मचारी महिला की मौत की सूचना कई बार सिविल सर्जन डॉ.वीके गुप्ता को दिए जाने के बाद भी वे अस्पताल नहीं पहुंचे। वहीं मृतका के परिजनों को कोई आर्थिक मदद की घोषणा नहीं की गई, इससे नाराज मुरार जिला में पदस्थ सफाई कर्मचारियों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए हड़ताल शुरू कर दी।  हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि मृतका के शव को पीएम के बाद अस्पताल परिसर लाकर प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन कर इस मामले में दोषी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने व  सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम की मांग करेंगे। सफाई कर्मचारी हड़ताल करते हुए अस्पताल के मुख्य गेट पर धरना देकर बैठे हुए थे।