कुलपति बंगले से अलकापुरी तिराहे तक बनेगा गुलमोहर पथ: कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी निगम के उद्यान विभाग द्वारा कुलपति बंगले से अलकापुरी तिराहे तक रोपे गए गुलमोहर के 200 पौधे

Jul 06 2019

- शहर में हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर निगम ग्वालियर द्वारा विस्तृत योजना बनाकर कार्य किया जाए तथा शहर की विभिन्न प्रमुख सडकों पर थीम आधारित एक ही प्रकार के पौधे लगाकर उक्त सडक को आदर्श बनाया जाए। उन्होंने बताया कि कुलपति बंगले से अलकापुरी तिराहे तक की सडक को गुलमोहर पथ के रुप में विकसित किया जाएगा। उक्ताशय के निर्देश कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने शनिवार को कुलपति बंगले से अलकापुरी तिराहे तक पौधारोपण कार्यक्रम में दिए। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं पूर्व पार्षद श्री मेहताब सिंह कंसाना, अपर आयुक्त श्री आर के श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी श्री शिशिर श्रीवास्तव, उद्यान अधीक्षक श्री मुकेश बंसल सहित अन्य नागरिकगण उपस्थित रहे।
       उल्लेखनीय है कि हरियाली अभियान के दौरान नगर निगम के उद्यान विभाग द्वारा शनिवार को कुलपति बंगले से अलकापुरी तिराहे तक लगभग 200 पौधे गुलमोहर के लगाए गए तथा इन पौधों की सुरक्षा के लिए ट्रीगार्ड क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती रामबेटी कंसाना द्वारा अपनी मौलिक निधि से लगवाने की घोषणा की गई। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन ने कहा कि हरियाली अभियान के तहत थीम बेस्ड अभियान चलाया जाएगा जिसमें प्रमुख रोडों को एक विशेष पौधे से सुसज्जित कर हराभरा किया जाएगा। इसका शुभारंभ आज कुलपति बंगले से अलकापुरी तिराहे तक की रोड को गुलमोहर पथ बनाने के अभियान से किया जा चुका है। इसके साथ ही मानसिंह चौराहे से सिटी सेंटर स्थित नगर निगम के प्रशासनिक भवन तक के मार्ग को अमलताश पथ बनाने का कार्य भी प्रारंभ किया जा रहा है। इस मार्ग पर दोनों ओर अमलताश के पौधे रोपे जाएंगे।
        इस अवसर पर निगमायुक्त श्री माकिन ने बताया कि हरियाली अभियान के तहत शहर की सामाजिक, धार्मिक एवं अन्य संस्थाएं भी स्थान चिन्हित कर पौधे लगाकर अपनी सक्रिय सहभागिता निभा सकती हैं तथा यदि संस्थाएं पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी लेती हैं तो नगर निगम द्वारा उन्हें निशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। निगम के उद्यान विभाग में छायादार, फलदार एवं विभिन्न प्रकार के फूलों के पौधे पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
स्मार्ट सिटी और स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा रोपे गए पौधे
       इसी अभियान के तहत स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कारपोरेशन द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर पर पौधारोपण किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर के पीछे के कैंपस में लगभग 100  पौधे रोपे गए। इस मौके पर दीक्षा सेवा संस्थान और मिशन 100 करोड़ संस्थान के सदशयो ने बड़ी संख्या में पहुंचकर पौधारोपण किया। ग्वालियर स्मार्ट सिटी सीईओ श्री महीप तेजस्वी ने जानकारी देते हुए बताया कि वृक्षारोपण अभियान के तहत ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा भी अन्य संगठनों और संस्थाओं को जोड़कर शहर मे वृहद स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है। उसी के तहत आज कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया गया है इस अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा और जिन क्षेत्रो में पौधारोपण किया जा रहा है वहां पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी उस क्षेत्र के निवासियों और विभिन्न संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं को दी जाएगी।
सागरताल डिवाइडर पर उद्यान विभाग ने रोपे पौधे
      उद्यान अधीक्षक श्री मुकेश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि निगम के पार्क विभाग द्वारा जलालपुर से सागरताल डिवाइडर तक चांदनी एवं कन्हेर के लगभग 300 पौधे रोपे गए।