जैविक रंगो के साथ गौशाला में मनाई गई होली

Mar 20 2019

 

ग्वालियर। नगर निगम द्वारा संचालित आदर्श गौशाला में आज बुधवार को संतगणों के सानिध्य में जैविक रंगो के साथ धूमधाम से होली खेली गई तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक रंगो से सराबोर हुए। निगमायुक्त संदीप माकिन ने भी गौशाला पंहुचकर गौशाला का निरीक्षण किया तथा सभी को होली की शुभकामनाएं दी।
रंगो के पावन पर्व होली के अवसर पर हर कोई रंगो से सराबोर होना चाहता है और यदि यह होली जैविक रंगो से गौ माता के मध्य में खेली जाए तो होली का मजा दोगुना हो जाता है। ऐसा ही नजारा आज नगर निगम की गौशाला में देखा गया। गौशाला में हर कोई होली के रंग में सराबोर हो गया। बडी संख्या में शहरवासी आज गौशाला पंहुचे तथा होली का आनंद लिया और एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर गौशाला की व्यवस्थाएं संभाल रहे संत महात्मा गौशाला के नोडल अधिकारी केशवसिंह चौहान प्रभारी राजेन्द्र सिंह गुर्जर सहित बडी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं वरिष्ठ पत्रकार गणों ने होली का आनंद लिया।