अजीत वाडेकर ट्राफी सुपर फोर राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता 1 अप्रेल से ग्वालियर में इंग्लैंड जाने वाली भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए सुपर फोर राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता में जोर आजमाईश करेगें प्रदेश के दिव्यांग क्रिकेटर

Mar 18 2019


लंदन में 02 अगस्त से 17 अगस्त 2019 तक आयोजित होगा प्रथम दिव्यांग क्रिकेट वर्ल्ड कप
ग्वालियर। अगस्त 2019 में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड द्वारा लंदन में आयोजित प्रथम दिव्यांग क्रिकेट वर्ल्ड कप में जाने वाली भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए ग्वालियर में 1 अप्रेल 2019 से आयोजित अजीत वाडेकर सुपर फोर राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के दिव्यांग क्रिकेट खिलाडी जोर आजमाईश करेगें।
        सुपर फोर राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक सचेती एवं सचिव संजय सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्य प्रदेश के दिव्यांग क्रिकेट खिलाडियों को प्रोत्साहन देने के लिए ग्वालियर के विभिन्न क्रिकेट मैदानों पर आगामी 1 अप्रेल 2019 से सुपर फोर राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के साथ ही उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश एवं विदर्भ की दिव्यांग क्रिकेट टीमें भाग लेगीं। 
         श्री सचेती ने बताया कि आगामी 02 अगस्त 2019 से 17 अगस्त 2019 तक प्रथम दिव्यांग क्रिकेट वर्ल्ड कप इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड द्वारा लंदन में आयोजित कराया जा रहा है, जिसमें भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम भाग लेगी। भारतीय में जगह बनाने के लिए सभी प्रदेशों के खिलाडी जोर आजमाईश कर रहें हैं, इसी तारतम्य में मध्य प्रदेश के दिव्यांग खिलाडियों को प्रोत्साहन स्वरुप अपना उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करने के लिए ग्वालियर में अजीत वाडेकर सुपर फोर राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के आधार पर ही उक्त चारों प्रदेश के खिलाडियों का चयन भारतीय टीम में किया जाएगा।
        उल्लेखनीय है कि 1 अप्रेल को दिव्यांग क्रिकेट के जनक, हमारे प्रेरणास्रोत, देश के महान क्रिकेटर, भारतीय क्रिकेट टीम के सफल कप्तान, पदमश्री स्व. श्री अजीत वाडेकर जी का जन्मदिवस भी है। इसलिए यह आयोजन दिव्यांग क्रिकेट खिलाडियों के लिए और महत्वपूर्ण हो जाता है। इस आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए आयोजन समिति हर संभव प्रयास कर रही है तथा शहर के समाजसेवियों से भी आयोजन में सहयोग की अपील कर रही है।