ठहरे हुए भारत को प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार ने दी गतिः राकेश सिंह विजय संकल्प अभियानः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने ली सभाएं

Mar 12 2019

 


    ग्वालियर 12 मार्च। पांच साल पहले भारत ठहरा हुआ था। 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने सत्ता संभाली, तो आशा की किरण दिखाई दी। उन्होंने ठहरे हुए देश को गति दी और अब उनके पौने पांच साल के कार्यकाल में देश का मान- सम्मान शिखर छू रहा है। हमारी सेना अब दुनिया की तीसरी ऐसी सेना बन गई है, जो अपने सैनिकों की शहादत का बदला दुश्मन के घर में घुसकर लेती है। यह बात मंगलवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने श्योपुर जिले के विजयपुर में विजय संकल्प यात्रा के दौरान विशाल सभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने भी संबोधित किया।
सबके विकास के लिए काम कर रही मोदी सरकार
    प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने नारा दिया था कि गरीबी हटाओ, मगर गरीबी नहीं हटी,  गरीब जरूर हट गए। देश में मोदी सरकार सबका साथ,  सबका विकास को लेकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई आयुष्मान योजना गरीबों के इलाज के लिए वरदान सिद्ध हुई है। इस सरकार के पौने पांच सालों के कार्यकाल में ढाई करोड़ लोगों को मकान मिले हैं। कांग्रेस ने आजादी के बाद गरीबों को कुल 13 करोड़ गैस कनेक्शन दिए, जबकि मोदी सरकार ने अपने पौने पांच सालों में 15 करोड़ गैस कनेक्शन देकर माताओं, बहनों के आंसू पोंछने का काम किया है। श्री सिंह ने कहा कि अब देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त हाथों में है और उनके नेतृत्व में देश बदल रहा है।
देश की रक्षा करने वालों का अपमान कर रही कांग्रेस
    श्री सिंह ने कहा कि पुलवामा हमले में हमारे 40 जवानों ने अपनी जान गंवाई। पूरा देश उस समय उनके साथ था। मोदी सरकार ने फैसला किया और हमारी वायुसेना ने पाकिस्तान में घुसकर एयर स्ट्राइक के जरिए आतंकवादियों का सफाया किया। वायुसेना के इस शौर्य पर पूरा देश गर्व कर रहा है, लेकिन राहुल गांधी सहित कांग्रेस के अन्य नेता सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर सबूत मांग रहे हैं। आज पूरा देश कांग्रेस और उसके नेताओं को धिक्कार रहा है। देशभक्त होने का दावा करने वाले ये लोग आज देश की रक्षा करने वाले सैनिकों और सेनाओं का अपमान कर रहे हैं।
कर्ज माफी हुई नहीं, जनहित की योजनाएं बंद कर दीं
    प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तीन महीने पहले धोखे से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन गई। मैं विजयपुर की जनता को बधाई देता हूं कि उसने भाजपा का पूरा साथ दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ने किसानों से कर्ज माफी का जो वायदा किया था,  वह आज तक पूरा नहीं हुआ। ऐसा ही वादा इन्होंने पंजाब, कर्नाटक की जनता से भी किया था,  मगर आज तक वहां की जनता कर्ज माफी की राह देख रही है। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भाजपा सरकार ने गरीबों के लिए शुरू की गई संबल जैसी अनेकों लोककल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी हैं। प्रदेश के किसानों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा शुरू की गई किसान समृद्धि योजना का पैसा नहीं मिल पा रहा है, क्योंकि कमलनाथ सरकार ने केंद्र को किसानों की सूची नहीं भेजी। श्री सिंह ने कहा कि राजनीति करना है,  तो हमारे साथ करो, किसानों के साथ राजनीति मत करो। अगर प्रदेश का किसान जाग गया तो कांग्रेस का नामोनिशान मिट जायेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश में हम जनता के हकों की लड़ाई लड़ेंगे।  
कमलनाथ सरकार ने दिया किसानों को धोखा: नरेंद्रसिंह तोमर
    सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि कर्ज माफी के नाम पर सत्ता में आई कमलनाथ सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि किसानों के खाते में अब तक 4000 रूपए भी नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने गठबंधन में शामिल दलों और नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ जहां मां-बेटे जमानत पर घूम रहे हैं,  वहीं लालू यादव चारा घोटाले में फंसे हैं। इसी तरह चंद्रबाबू नायडू आयकर की जांच का सामना कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा ममता बनर्जी लोकतंत्र का गला घोट रही हैं। उन्होंने गठबंधन को लूट बंधन बताया। श्री तोमर ने इस अवसर पर कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभालने के बाद जहां भ्रष्टाचार पर लगाम कसी,  वहीं किसान हितैषी योजनाओं की शुरुआत की। यूपीए सरकार पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि चाहे मुंबई हमला हो या कश्मीर में आतंकवाद, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पूरे समय देखो और इंतजार करो की नीति पर चलते रहे। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार आतंकियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दे रही है।
कांग्रेस की वादा खिलाफी, बढ़ते अपराधों के खिलाफ वोट देंः गोपाल भार्गव
    नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने आतंकी संगठन सिमी को समूल नष्ट करने काम किया था। डकैत खत्म किए, लेकिन कांग्रेस सरकार के आते ही डकैत फिर सक्रिय हो गए हैं। अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही,  लेकिन शिक्षित युवाओं को पशु चराने की ट्रेनिंग दी जा रही है। 10 दिनों में कर्जमाफी की बात कही, लेकिन अभी तक प्रदेश में एक भी किसान ऐसा नहीं है, जिसका 2 लाख रुपए का कर्ज माफ हुआ हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि हमें प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ हमें मतदान करना है। हमें कांग्रेस की वादा खिलाफी के खिलाफ मतदान करना है।
उद्योगपति मुख्यमंत्री ने शुरू किया तबादला उद्योग
    नेता प्रतिपक्ष श्री भार्गव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ उद्योगपति हैं। उनके शासनकाल में मध्यप्रदेश में तबादला उद्योग शुरू हो गया है। प्रदेश में अभी तक जितने भी ट्रांसफर हुए हैं, उससे कहीं ज्यादा तबादले कैंसिल किए हुए हैं। बस एक ही काम चल रहा है, पैसे लाओ और ट्रांसफर ऑर्डर ले जाओ। कर्जमाफी से बचने के लिए कांग्रेस सरकार आचार संहिता लगने का इंतजार कर रही थी। इसीलिए रविवार को आचार संहिता लगने से चार घण्टे पहले ही किसानों के मोबाइल पर कर्जमाफी तीन महीने के लिए टलने के मुख्यमंत्री कमलनाथ के मैसेज पहुँचने लगे। श्री भार्गव ने कहा कि यह विजय संकल्प यात्रा इसलिए है कि देश की सीमाएं सुरक्षित हो सकें, गरीबों के लिए घर मिल सकें और देश तथा प्रदेश के किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। 
    इस अवसर पर सांसद श्री अनूप मिश्रा, श्री वेदप्रकाश शर्मा, श्री जयसिंह कुशवाह, विधायक श्री सीताराम आदिवासी, जिला अध्यक्ष श्री गोपाल आचार्य, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री अशोक गर्ग सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।