ग्वालियर की बेटी ने अमेरिका में जीते अंतरराष्ट्रीय खिताब, अभिनय में भी रखा कदम
Nov 29 2026
ग्वालियर,न.सं.। शहर की बेटी प्रियंका मूंदड़ा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर नृत्य, मॉडलिंग और अभिनय के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर ग्वालियर का गौरव बढ़ाया है। अमेरिका के मिनेसोटा में रह रहीं प्रियंका ने सौंदर्य प्रतियोगिताओं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कई उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2025 में उन्होंने मिसेज इंडिया यूएसए एलिट का खिताब जीता, जबकि वर्ष 2026-27 में मिसेज पेटाइट मिनेसोटा यूनिवर्स का खिताब अपने नाम किया। इसी वर्ष मिसेज पेटाइट यूनिवर्स प्रतियोगिता में द्वितीय उपविजेता बनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की।
प्रियंका मूंदड़ा लक्ष्मीबाई महिला नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, ग्वालियर की अध्यक्ष अलका श्रीवास्तव की बेटी और ग्वालियर की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मीना मूंदड़ा की पुत्रवधू हैं। वर्ष 2005 में शादी के बाद वे अमेरिका चली गईं। वहां नए परिवेश, संस्कृति और जीवनशैली के बीच अपनी पहचान बनाना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। वे बताती हैं कि करीब 14 वर्षों से अमेरिका में रहते हुए उन्होंने अपने जुनून को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रखा।
नृत्य का जुनून, पति ने बढ़ाया हौसला
स्वदेश से चर्चा के दौरान प्रियंका ने बताया नृत्य उनका जुनून है। भारत से अमेरिका जाना उनके लिए बड़ा बदलाव था, लेकिन परिवार ने हर कदम पर साथ दिया। इस मुकाम का श्रेय वे भगवान और अपने परिवार को देती हैं। जब वे थक जाती थीं या हिम्मत टूटने लगती थी, तब पति सुमित उन्हें प्रोत्साहित करते थे। वे कहते थे कि चिंता मत करो, सब हो जाएगा। इसी भरोसे और समर्थन ने उन्हें आगे बढऩे की ताकत दी।
70 प्रतिभागियों के बीच भारतीय संस्कृति की झलक
वर्ष 2026-27 के अंतिम चरण में विभिन्न देशों के करीब 70 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रियंका ने मंच पर भारतीय संस्कृति को प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने पसंद किया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय परंपरा और संस्कृति को प्रदर्शित करना उनके लिए उपलब्धि के साथ भावनात्मक अनुभव भी रहा।
फरवरी में आएगी पहली बॉलीवुड फिल्म
नृत्य और मॉडलिंग के बाद प्रियंका अभिनय में भी अपनी जगह बना रही हैं। उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म में छोटा किरदार है, जिसकी रिलीज फरवरी में प्रस्तावित है। प्रियंका के मुताबिक, फिलहाल उन्हें जो अभिनय के प्रस्ताव मिल रहे हैं, वे स्वीकार कर रही हैं और आगे भी इस क्षेत्र में काम करना चाहती हैं।
अमेरिका में वे प्रियंका नृत्य अकादमी के नाम से अपनी अकादमी संचालित कर रही हैं। मॉडलिंग के खिताब, अभिनय और नृत्य अकादमी के जरिए वे विदेश में भारतीय प्रतिभा और संस्कृति को आगे बढ़ा रही हैं। उनकी उपलब्धियों से ग्वालियर में परिवार और शुभचिंतकों में खुशी है।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









