यतेंद्र शर्मा ने उच्च शिक्षा मंत्री को सौंपा मांगपत्र

Nov 29 2026

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय के स्थायी कर्मियों को सातवें वेतनमान का लाभ देने सहित तीन प्रमुख मांगों को लेकर कर्मचारी संघ ने उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार का ध्यान आकर्षित किया है। रविवार को संघ के अध्यक्ष यतेंद्र शर्मा ने मंत्री से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा और न्यायालयीन आदेशों के अनुरूप वेतनमान का लाभ दिलाने की मांग की। शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय के स्थायी कर्मियों को वर्तमान में छठवें वेतनमान से भी कम वेतन मिल रहा है, जबकि नियमित कर्मचारी सातवें वेतनमान का लाभ ले रहे हैं। ऐसे में सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के आदेशों के परिपालन में स्थायी कर्मियों को भी सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाना चाहिए। उन्होंने कुशल स्थायी कर्मियों के नियमितीकरण की मांग उठाते हुए कहा कि अकुशल स्थायी कर्मियों की तर्ज पर कुशल कर्मियों के लिए भी नियमितीकरण के आदेश जारी किए जाएं, ताकि पूर्व की व्यवस्था के अनुसार रिक्त पदों पर उन्हें नियमित किया जा सके। इसके साथ ही पात्र स्थायी कर्मियों के आश्रितों को नियमित कर्मचारियों की तरह समयबद्ध अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग भी रखी। मंत्री परमार ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण का आश्वासन दिया। इस दौरान मप्र विश्वविद्यालयीन स्थायी कर्मी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रतीक शर्मा भी मौजूद रहे।