विवेक तन्खा ने परिसीमन और महिला आरक्षण पर साधा निशाना
Nov 28 2026
ग्वालियर। ग्वालियर पहुंचे राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने परिसीमन, महिला आरक्षण और संसद सत्र को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संख्याओं से छेड़छाड़ लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। साथ ही आरोप लगाया कि विंटर सेशन की आधिकारिक सूचना जारी किए बिना सिर्फ एक विधेयक के लिए तीन दिन की बैठक बुलाई गई है। विवेक तन्खा ने कहा कि देश में आंकड़ों से छेड़छाड़ की जा रही है और वे ऐसी सियासत के खिलाफ हैं। उनके अनुसार, बदलाव किस प्रक्रिया से किया जा रहा है, यह सबसे महत्वपूर्ण है। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि संख्याओं के साथ जिस तरह खिलवाड़ हो रहा है, वह पारदर्शी नहीं है। तंखा के मुताबिक, लोकतांत्रिक व्यवस्था तभी मजबूत होती है, जब फैसले स्वतंत्र रूप से और बिना किसी दबाव के लिए जाएं।
संसद सत्र न बुलाने पर जताई आपत्ति
संसद की कार्यवाही पर सवाल उठाते हुए विवेक तन्खा ने कहा कि अभी तक विंटर सेशन की आधिकारिक सूचना जारी नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल एक विधेयक को मंजूरी दिलाने के लिए तीन दिन की बैठक बुलाई गई है। उनके अनुसार, यह प्रस्ताव शीतकालीन सत्र के दौरान भी लाया जा सकता था, जिससे जनहित के अन्य मुद्दों पर चर्चा हो पाती। उन्होंने कहा कि सत्तापक्ष नहीं चाहता कि सदन चले और विपक्ष उससे जवाब मांगे। महज एक कानून पारित कराने के लिए यह रास्ता अपनाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
परिसीमन से दक्षिणी राज्यों को नुकसान की आशंका
परिसीमन पर विवेक तन्खा ने कहा कि यदि जनसंख्या या अनुपात के आधार पर आगे बढ़ा गया, तो दक्षिणी राज्यों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्रों के फायदे और नुकसान पर विचार करना चाहिए। तंखा ने कहा कि वे खुद उत्तर भारत से आते हैं। यदि वहां सीटें बढ़ती हैं तो उन्हें प्रसन्नता होगी, लेकिन इससे दक्षिण के हित प्रभावित होंगे।
महिला आरक्षण और यूपी गठबंधन पर टिप्पणी
महिला आरक्षण कानून पर उन्होंने कहा कि यह कानून तीन वर्ष पहले ही संसद से पारित हो चुका था और इसे लोकसभा या विधानसभा में कभी भी लागू किया जा सकता था। उनके मुताबिक, सरकार इसे लागू करने की मंशा नहीं रखती और महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन को आगे बढ़ाना चाहती है। उत्तर प्रदेश में सपा की ओर से उम्मीदवारों या सीटों के ऐलान से जुड़े सवाल पर विवेक तन्खा ने कहा कि उन्हें इसकी कोई सूचना नहीं है। हालांकि, उन्हें भरोसा है कि सपा और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच गहरी समझ और आपसी सम्मान है। ऐसे में इस मुद्दे का सकारात्मक हल जरूर सामने आएगा।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









