अधिकारों के प्रति जागरूकता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी जरूरी: भानुप्रताप सिंह चौहान

Nov 27 2026

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय के नोडल केंद्र भारतीय ज्ञान परंपरा एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व अध्ययनशाला में संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अधिवक्ता भानुप्रताप सिंह चौहान ने कहा कि संविधान की सार्थकता तभी है, जब समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी न्याय और सम्मान मिले। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. शांतिदेव सिसोदिया ने की। विशिष्ट अतिथि अधिवक्ता धीरेन्द्र प्रताप सिंह भदौरिया एवं प्रो. हेमंत शर्मा उपस्थित रहे। भदौरिया ने कहा कि संविधान का वास्तविक अर्थ सभी के साथ समान व्यवहार करना और प्रत्येक व्यक्ति को समानता का अधिकार देना है। संवैधानिक मूल्यों को केवल पुस्तकों में पढ़ने के बजाय अपने आचरण और व्यक्तित्व में आत्मसात करना चाहिए। डॉ. शांतिदेव सिसोदिया ने संविधान की महत्ता बताते हुए कहा कि हर धर्म, जाति और वर्ग का सम्मान, अधिकारों एवं कर्तव्यों की पहचान तथा न्याय और समानता का भाव ही भारतीय संविधान की विशेषता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पोस्टर निर्माण में रविंद्र एवं सुब्रता ने प्रथम, अंशवी एवं नायाब अली ने द्वितीय तथा मुस्कान, अनुज एवं आलोक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अभिषेक एवं राज प्रथम, अंशवी एवं मुस्कान द्वितीय तथा उपेंद्र एवं अनुज तृतीय स्थान पर रहे। समापन अवसर पर डॉ. शांतिदेव सिसोदिया ने अतिथियों के साथ विजेताओं को प्रमाणपत्र वितरित किए। इसके बाद उपस्थित लोगों को नागरिक कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई गई। मंच संचालन मुस्कान गुर्जर ने किया। इस अवसर पर राहुल कुमार, वैभव शर्मा, आकाश शर्मा, वैशाली गुर्जर, प्रिया सुमन, समीम खान, तमन्ना शर्मा, आकांक्षा तोमर सहित 100 से अधिक शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।