खेलों से मजबूत होता है स्वस्थ समाज: देवेंद्र प्रताप सिंह

Nov 27 2026

ग्वालियर। शासकीय केआरजी महाविद्यालय में आयोजित संभाग स्तरीय अंतर जिला महिला खो-खो प्रतियोगिता में ग्वालियर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में ग्वालियर ने भिंड की टीम को एक पारी और 10 अंकों से पराजित किया। प्रतियोगिता में ग्वालियर, भिंड, मुरैना और दतिया जिले की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबलों की शुरुआत कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरीश अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि मीना सचान, अरविंद रघुवंशी, डॉ. केशव सिंह गुर्जर, डॉ. एनके नगाइच उपस्थित रहे। स्वागत भाषण  मनोहर कटारिया ने दिया। 
मुख्य अतिथि देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने कहा कि खिलाड़ियों को जितने अधिक अवसर मिलते हैं, उनकी प्रतिभा उतनी ही निखरती है। खेल न केवल हमें स्वस्थ रखते हैं, बल्कि देश को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जीत और हार दोनों के लिए मेहनत जरूरी है। उन्होंने खो-खो खेल को ओलंपिक में शामिल किए जाने की इच्छा भी जताई। वहीं प्राचार्य डॉ. हरीश अग्रवाल ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग होना चाहिए। खेलों के बिना जीवन अधूरा है। जीवन में हारना और हार को स्वीकार करना भी सीखना जरूरी है। 
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में भिंड ने दतिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में ग्वालियर ने मुरैना को पराजित किया। फाइनल मुकाबले में ग्वालियर की खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए भिंड को एक पारी और 10 अंकों से शिकस्त दी। समापन समारोह में मुख्य अतिथि देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर सहित अन्य अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों की खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। आयोजन सचिव मनोहर कटारिया के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता संपन्न हुई। मंच संचालन डॉ. अर्चना सेन ने किया। इस अवसर पर डॉ. केके तिवारी, डॉ. सतीश गुप्ता, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. लखविंदर सिंह, डॉ. हरेंद्र सिंह सिकरवार, डॉ. दिवाकर पाल, डॉ. अंशु रानी, डॉ. नीरज गुर्जर, डॉ. सुदीप यादव, डॉ. परदीप यादव, डॉ. अरविंद शर्मा, डॉ. संजीव सहित विभिन्न टीमों के कोच, मैनेजर और सेवानिवृत्त क्रीड़ा अधिकारी मौजूद रहे।