संविधान की मूल प्रति देखने सेंट्रल लाइब्रेरी पहुंचे लोग, 65 इंच की स्क्रीन पर भी किया प्रदर्शित

Nov 26 2026

ग्वालियर। संविधान दिवस पर गुरुवार को विभिन्न आयोजन किए गए। महाराज बाड़े स्थित केंद्रीय पुस्तकालय में भारतीय संविधान की 16 मूल हस्तलिखित प्रतियों में से एक को आमजन के लिए रखा गया है। इस ऐतिहासिक दस्तावेज को देखने के लिए सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। खास बात यह है कि इस मूल प्रति को साल में केवल दो बार ही आम लोगों के अवलोकन के लिए बाहर निकाला जाता है।
दर्शकों की सुविधा के लिए संविधान की डिजिटल प्रति 65 इंच की स्क्रीन पर भी प्रदर्शित की गई। इससे लोग संविधान के पन्नों को करीब से देख और समझ सके।
संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इस दौरान सभी ने संवैधानिक मूल्यों और कर्तव्यों के पालन का संकल्प लिया।
जिला न्यायालय में भी हुआ आयोजन
जिला न्यायालय परिसर में संविधान दिवस की 77वीं वर्षगांठ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन में विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटीज) नवीन कुमार शर्मा की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद नवीन कुमार शर्मा ने न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया।
सिंधिया राजवंश को सौंपी गई थी मूल प्रति
केंद्रीय पुस्तकालय में संरक्षित संविधान की यह प्रति ऐतिहासिक महत्व रखती है। 26 नवंबर 1949 को तैयार संविधान की 16 मूल हस्तलिखित प्रतियों में यह भी शामिल है। इन प्रतियों पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद, जवाहरलाल नेहरू सहित संविधान सभा के सदस्यों के हस्ताक्षर हैं। भारत सरकार ने यह प्रति सिंधिया राजवंश को सौंपी थी।