मोबाइल प्लस शॉप संचालक पर करोड़ों रुपए लेकर भागने का आरोप

Nov 24 2026

ग्वालियर। 'मोबाइल प्लसÓ और 'स्मार्ट जोनÓ शॉप का संचालक अमित हबलानी कथित तौर पर व्यापारियों और लोगों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गया है। इस तरह की शिकायत लेकर मोबाइल कारोबारी मंगलवार को इंदरगंज थाने पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
पीड़ित व्यापारियों के अनुसार, आरोपी ने व्यापारियों से उधार में महंगे मोबाइल फोन और नकदी ली थी। सुबह अचानक जब अमित हबलानी की दुकान नहीं खुली और फोन बंद मिला, तो शहर के मोबाइल बाजार में हड़कंप मच गया। व्यापारियों को संदेह हुआ तो जांच करने के लिए उसके घर पहुंचे जहां ताला लटका मिला। इसके बाद पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी अपना घर और दुकान फरार होने से पहले ही बेच चुका था। इसके बाद व्यापारियों ने संगठित होकर इंदरगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बाजार से 8 करोड़ लेकर भागने का आरोप 
ग्वालियर मोबाइल एसोसिएशन के मुताबिक, इस घटना से करीब 17 से 18 मोबाइल व्यापारी प्रभावित हुए हैं। शुरुआत में यह रकम 3 करोड़ रुपये के आसपास बताई गई थी, लेकिन अन्य शिकायतों के सामने आने के बाद गबन का यह आंकड़ा 8 करोड़ रुपये से अधिक होने का दावा किया जा रहा है।