श्रीमद् भागवत कथा की तैयारियों को लेकर फूलबाग मैदान में हुई बैठक

Nov 24 2026

ग्वालियर। शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था जन उत्थान न्यास के तत्वावधान में आगामी 30 नवंबर से फूलबाग मैदान में आयोजित होने जा रही भव्य श्रीमद् भागवत कथा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से आज कथा स्थल फूलबाग मैदान में भोजन समिति, पेयजल समिति, परिवहन समिति एवं स्वच्छता समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कार्यक्रम के सूत्रधार एवं न्यास के अध्यक्ष विधायक डॉ. सतीश सिकरवार के नेतृत्व में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान विधायक डॉ. सिकरवार ने चारों समितियों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा कर व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कथा में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
भोजन एवं पेयजल व्यवस्था: श्रद्धालुओं और बाहर से आने वाले भक्तों के लिए शुद्ध, सात्विक भोजन प्रसादी एवं पूरे कथा स्थल पर स्वच्छ पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने की रूपरेखा तय की गई।
परिवहन एवं यातायात समिति: शहर के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर परिवहन समिति को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई।
स्वच्छता समिति: कथा स्थल और आसपास के परिसर को पूरी तरह स्वच्छ एवं पॉलीथिन मुक्त बनाए रखने के लिए स्वच्छता समिति की टीमों को तैनात करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में डॉ. सतीश सिकरवार ने कहा कि यह आयोजन पूरे ग्वालियर शहर की आस्था का केंद्र है, इसलिए सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो। विधायक डॉ. सिकरवार ने कहा कि आगामी 30 नवंबर को सुबह 11 बजे भगवान अचलेश्वर महादेव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ होगा। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई धूमधाम के साथ कथा स्थल फूलबाग मैदान पहुंचेगी। बैठक में मुख्य रूप से पारीक्षत बेताल सिंह गुर्जर, समाज सेवी महेश मुद्गल, उत्तम सिंह कुशवाह, राम पांडे, श्रीमती गायत्री मण्डेलिया, श्याम बंसल, डॉ. राकेश अग्रवाल, रमेशचन्द्र गोयल, अवधेश कौरव, प्रतीक जैन 'लालूÓ, सुधीर मण्डेलिया, बृजेश शुक्ला, पार्षद प्रमोद खरे, सुरेश प्रजापति, हिमांशु कीकन आदि मौजूद रहे।