व्यक्तित्व विकास एवं साक्षात्कार कौशल पर कार्यशाला आयोजित

Nov 23 2026

ग्वालियर। महारानी लक्ष्मीबाई कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार अग्रवाल के संरक्षण में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में जेसीआई ग्वालियर मेट्रो के सहयोग से व्यक्तित्व विकास एवं साक्षात्कार कौशल विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. रवि शंकर पाठक ने कार्यशाला की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकोष्ठ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों में व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं व्यावसायिक दक्षताओं को विकसित करने के लिए इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है।
कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक अभिषेक त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को व्यक्तित्व ग्रूमिंग के विभिन्न महत्वपूर्ण टिप्स प्रदान किए। उन्होंने प्रभावशाली व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास, संवाद कौशल एवं साक्षात्कार की तैयारी से संबंधित व्यावहारिक जानकारियां साझा कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को साक्षात्कार के दौरान प्रभावी प्रस्तुति, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं उचित व्यवहार के महत्व से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार गुप्ता एवं प्रबंधन विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार गुप्ता ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए व्यक्तित्व विकास एवं रोजगार प्राप्ति के लिए आवश्यक कौशलों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन जेसीआई ग्वालियर मेट्रो के अध्यक्ष प्रशांत माथुर ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. अभिनव उपाध्याय द्वारा किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण उपस्थित रहे तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व को निखारने एवं भविष्य में साक्षात्कार की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।