आधी रात खुलेंगे कार्तिकेय स्वामी मंदिर के पट, सुबह 5 बजे से दर्शन

Nov 23 2026

जीवाजीगंज स्थित लगभग 400 वर्ष पुराने भगवान कार्तिकेय स्वामी मंदिर में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। सोमवार आधी रात मंदिर के पट खोले जाएंगे। इसके बाद पुजारी सुबह 4 बजे तक मंदिर की साफ-सफाई, भगवान का अभिषेक और विशेष श्रृंगार करेंगे। सुबह 5 बजे से श्रद्धालुओं के लिए छह मुख वाले भगवान कार्तिकेय स्वामी के दर्शन प्रारंभ होंगे। मंदिर के पुजारी के अनुसार, 24 नवंबर को सुबह 5 बजे से श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकेंगे। वृंदावन के केशव शास्त्री के साथ 11 ब्राह्मण भगवान का विशेष अभिषेक करेंगे। सुबह 9 बजे से सुंदरकांड पाठ आयोजित होगा। शाम को भजन, कीर्तन और भोग-प्रसादी का कार्यक्रम होगा।
मनौती पूरी होने पर चढ़ाते हैं 364 बातियों का दीप
भगवान कार्तिकेय स्वामी का यह मंदिर साल में केवल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ही खोला जाता है। शेष 364 दिनों तक मंदिर के पट बंद रहते हैं और भगवान की प्रतिमा कपड़े से ढंकी रहती है। इस कारण साल में एक बार होने वाले दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। मंदिर से जुड़ी एक विशेष मान्यता के अनुसार, जिन श्रद्धालुओं की मनौती पूरी हो जाती है, वे अगले वर्ष भगवान के दर्शन करने पहुंचते हैं और उन्हें 364 बातियों वाला दीप अर्पित करते हैं। मंदिर परिसर में गंगा, यमुना और सरस्वती के साथ हनुमान, वेणी माधव और लक्ष्मीनारायण की प्रतिमाएं भी विराजमान हैं। शहर में यह इकलौता ऐसा मंदिर माना जाता है, जहां गंगा, यमुना और सरस्वती की प्रतिमाएं एक ही स्थान पर स्थापित हैं।