सांडों के झुंड ने कारों की छत-बोनट तोड़े, दो युवक बाल-बाल बचे

Nov 22 2026

ग्वालियर। शहर के हजीरा स्थित प्रगति नगर में आधी रात सांडों का ऐसा संग्राम छिड़ा कि गली में खड़ी कारें अखाड़ा बन गईं। गत रात करीब 12 बजे तीन से चार सांडों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। आपसी भिड़ंत में सांडों ने कई गाड़ियों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। एक सांड लड़ाई के दौरान कार के बोनट पर चढ़ा और दूसरी तरफ छलांग लगा दी। उसकी टक्कर से कार की छत और बोनट पिचक गए। इस दौरान गली से गुजर रहे दो युवक भी सांडों के बीच फंस गए, लेकिन भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 12 बजे सांडों का झुंड गली में पहुंचा और एक घर के सामने दो सांड आपस में भिड़ गए। लड़ाई के दौरान एक सांड कमजोर पड़ने लगा तो बचने के लिए उसने खड़ी कार का सहारा लिया। कार के ऊपर चढ़कर दूसरी तरफ कूदने से वाहन की छत और बोनट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद सांडों ने गली में खड़ी अन्य गाड़ियों को भी निशाना बनाया और टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया।
सांडों के डर से रात में घरों से निकलना बंद
स्थानीय निवासी रविन्द्र सिंह ने बताया कि कॉलोनी में कुछ लोग घरों का बचा खाना बाहर फेंक देते हैं। इसी वजह से रात में आवारा गायों और सांडों का जमावड़ा लगा रहता है। अब हालात यह हैं कि लोग रात में बाहर निकलने से डरते हैं, बच्चे गली में खेलना तो दूर खड़े भी नहीं हो पाते।
शिकायत मिलते ही निगम का अमला पहुंचा
रात के उत्पात और वाहनों को हुए नुकसान के बाद रविवार सुबह कॉलोनी वासियों ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मदाखलत और गौशाला का अमला सक्रिय हुआ। निगम की टीम रविवार सुबह से ही इलाके में उत्पाती सांडों को पकड़ने के अभियान में जुटी रही।