3 मंजिला-मकान में लगी भीषण आग, सवा करोड़ का सामान जला

Nov 22 2026

ग्वालियर। नई सड़क स्थित नक्शा नंबर-2 गली में गत रात लगी भीषण आग ने एक परिवार की जिंदगी भर की जमापूंजी तबाह कर दी। इलेक्ट्रिकल व्यापारी धर्मेंद्र जैन के तीन मंजिला मकान में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा घर लपटों से घिर गया। रविवार सुबह आग बुझने के बाद मकान की जर्जर दीवारें और जला हुआ सामान तबाही की कहानी बयां कर रहे थे।
आग में घर में खड़ी तीन बाइक, लाखों रुपए का इलेक्ट्रिकल सामान, गहने, कपड़े और अनाज समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग की तेज गर्मी से तीन मंजिला मकान की दीवारों में गहरी दरारें आ गई हैं। इमारत भी जर्जर हो गई है। स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों के अनुमान के मुताबिक, करीब एक से सवा करोड़ रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।
धर्मेंद्र जैन के पिता सुरेश चंद जैन ने बताया कि रविवार को कोटा में आयोजित पंचकल्याणक महोत्सव में शामिल होने के लिए धर्मेंद्र अपनी पत्नी अलका, बेटे शांतनु और बेटी तनु के साथ शनिवार रात 9 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस से रवाना हुए थे। परिवार ग्वालियर से मोहना पहुंचा था, तभी रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने घर में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद परिवार बीच रास्ते से ही ग्वालियर लौट आया, लेकिन तब तक घर का ज्यादातर सामान जल चुका था।
सुरेश चंद जैन के मुताबिक, धर्मेंद्र ने छोटी-सी इलेक्ट्रिकल दुकान से कारोबार शुरू किया था। करीब 10 साल पहले वह किराने की दुकान चलाते थे। दिन-रात मेहनत कर 15 साल पहले तीन मंजिला मकान बनाया और कारोबार खड़ा किया था। आग में उनकी सालों की मेहनत और जमापूंजी नष्ट हो गई।
 संकरी गली के कारण घर तक नहीं पहुंच सकीं दमकल की गाड़ियां
पड़ोसी संजय प्रजापति और अमित शर्मा के मुताबिक, गत रात 10.30 बजे मकान में आग की लपटें दिखाई दीं। देखते ही देखते आग तीनों मंजिलों तक फैल गई। पड़ोसियों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन नक्शा नंबर-2 की संकरी गली के कारण वे मकान तक नहीं पहुंच सकीं। गली के छोर पर गाड़ियां खड़ी कर पाइप के जरिए पानी डाला गया। एयरपोर्ट से भी दमकल बुलानी पड़ी। करीब 5 से 6 घंटे की मशक्कत और 25 दमकल गाड़ियों के पानी के बाद रविवार सुबह आग पर काबू पाया जा सका।
 स्थानीय निवासियों ने बताया कि पूर्व कलेक्टर आकाश त्रिपाठी के कार्यकाल में शहर की सड़कों का चौड़ीकरण किया गया था, लेकिन अब दोबारा अतिक्रमण के कारण गलियां संकरी हो गई हैं। लोगों का कहना है कि यदि दमकल की गाड़ी मकान तक पहुंच पाती, तो कम से कम 50 प्रतिशत सामान बचाया जा सकता था। गनीमत रही कि आग लगने के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।