नारायण वृद्ध आश्रम में गरीब कन्या का विवाह कराया, अन्नकूट भंडारे का आयोजन

Nov 22 2026

ग्वालियर। नारायण वृद्ध आश्रम जागृति नगर लक्ष्मीगंज में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का समापन धार्मिक एवं सेवाभाव से जुड़े आयोजनों के साथ हुआ। 13 से 19 नवंबर तक आयोजित कथा में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान की कथा का श्रवण किया।
कथा समापन के बाद देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर आश्रम परिसर में तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न कराया गया। इस अवसर पर एक जरूरतमंद वर-कन्या का विवाह भी धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ कराया गया। समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
विवाह समारोह के उपरांत अन्नकूट भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। धार्मिक आयोजन के साथ जरूरतमंद परिवार की सहायता कर आश्रम ने सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।
आश्रम प्रबंधन द्वारा आगामी 14 फरवरी को आयोजित होने वाले सामूहिक सर्वजातीय विवाह सम्मेलन की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। सम्मेलन के लिए वर-वधू के पंजीयन प्रारंभ हो चुके हैं। आश्रम प्रबंधन ने जरूरतमंद परिवारों से इस आयोजन का लाभ लेने तथा समय पर पंजीयन कराने की अपील की है।