पति द्वारा आत्महत्या, पत्नी, सास, साली और साढू के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज

Nov 20 2026

ग्वालियर। ड्राइवर द्वारा सुसाइड करने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद पत्नी, सास, साली और साली के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के महलगांव सरकारी मल्टी में 14 जुलाई की है। सुसाइड करने से पहले ड्राइवर ने एक वीडियो बनाकर वायरल किया था, जिसमें उसने पत्नी सहित अन्य पर आरोप लगाए थे। विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार जाटव ने बताया कि महलगांव स्थित सरकारी मल्टी निवासी सुरेश शाक्य पुत्र कल्लू शाक्य ने गत 14 जुलाई को अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दी थी। सुरेश पेशे से ड्राइवर था और पत्नी आरती शाक्य और ब'चों के साथ रहता था। अन्य परिजन दूसरे मकान में रहते थे। सुसाइड का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पुलिस को एक वीडियो मिला, जिसे मृतक ने सुसाइड करने से पहले बनाया था और उसमें पत्नी आरती, सास शकुंतला, साली रानी, रानी के पति छोटू शाक्य द्वारा उसे प्रताड़ित करना बताया था। 
पुलिस ने जांच के बाद आरती, शकुंतला, रानी और छोटू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक पत्नी पर शक करता था। इसके चलते सुरेश की पत्नी आरती से अनबन चलती थी। 
वहीं पुलिस का कहना है कि जिसके द्वारा आरोप लगाए गए, उसकी मौत हो चुकी है, अब पुलिस पत्नी सहित अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। इनके पकड़े जाने के बाद होने वाली पूछताछ से ही आरोपों की सत्यता का खुलासा होगा।