बाल अधिकारों के संरक्षण पर केंद्रीय पुस्तकालय में संगोष्ठी आयोजित

Nov 20 2026

ग्वालियर। अंतरराष्ट्रीय बाल अधिकार दिवस के अवसर पर 20 नवंबर शुक्रवार को शासकीय केंद्रीय पुस्तकालय में बाल अधिकारों के संरक्षण एवं बाल कल्याण विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय ग्वालियर एवं शहीद सुशील कुमार शर्मा फाउंडेशन ग्वालियर के संयुक्त तत्वाधान मे किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश कुमार शर्मा क्षेत्रीय ग्रंथपाल, शा.के. पुस्तकालय ग्वालियर ने की जबकि मुख्य वक्ता के रूप में मप्र उच्च न्यायालय के अधिवक्ता डॉ. महेंद्र कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता डॉ. महेंद्र कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में बाल अधिकारों, बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान एवं सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न कानूनी और सामाजिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए बनाए गए कानूनों, संवैधानिक प्रावधानों तथा समाज की जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए कहा कि बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे विवेक कुमार सोनी पुस्तकालय प्रबंधक, शाके पुस्तकालय ग्वालियर ने बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता को आवश्यक बताते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए उपयोगी बताया। संगोष्ठी में बाल अधिकारों के संरक्षण, बाल कल्याण तथा बच्चों से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों के सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने और बच्चों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस कर्यक्रम में पूजा साहू ग्रंथपाल शाके पुस्तकालय, अनिल प्रताप सिंह, आकाश पाल, शिवम शर्मा, रामकुमार शर्मा, भरत राठौर, सहित पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राये आदि उपस्थित रहे।