सभी विधानों का राजा है सिद्धचक्र महामंडल विधान: विधानाचार्य नवीन भैया

Nov 18 2026

ग्वालियर। सकल दिगंबर जैन समाज एवं मुरार पंचायती जैन मंदिर द्वारा  आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान में जैन धर्मावलंबियों ने मौन लीन साधना के साथ जाप्यानुष्ठान, अभिषेक, शांतिधारा व पर्व पूजन के साथ सिद्धचक्र महामंडल विधान किया। भक्ति भाव में डूबे इन्द्र इन्द्राणियों ने समोशरण की श्रद्धापूर्वक परिक्रमा कर सकल विश्व की शांति एवं सुख समृद्धि के लिए मंगल कामना की। विधानाचार्य नवीन भैया, त्रिलोक तीर्थ ने कहा कि सिद्धचक्र महामंडल विधान को सभी विधानों से ऊपर माना जाता है इसलिए इसे सभी विधानों का राजा कहा जाता है। उन्होंने कहा कि सिद्धचक्र का अर्थ है सिद्धों का समूह, तीन लोक के अग्रभाग पर अनंतानंत सिद्ध विराजमान रहते हैं, उन सबको सिद्धचक्र विधान के माध्यम से नमन किया गया है। विधान के बाद शाम को महाआरती हुई। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन भी किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।
 नवीन भैया ने सिद्धचक्र महामंडल विधान के महत्व एवं जीवन को सार्थक बनाने के लिए इस आयोजन की अनिवार्यता को सरल शब्दों में प्रतिपादित किया। उन्होंने बताया कि ग्रंथ के प्रारंभ में सिद्धि एवं सिद्ध शब्द का प्रयोग स्वयमेव मंगलाचरण का रूप धारण कर लेता है जिससे कृति का निर्माण निर्विघ्न संपन्न होता है। सिद्ध शब्द से सिद्धांत बनता है, जिन शास्त्रों-ग्रंथों के अंत में सिद्धों का वर्णन आता है उसे सिद्धांत कहते हैं। सत्र की शुरुआत मंगलाचरण और भगवान पार्श्वनाथ के पावन अभिषेक एंव शांतिधारा के साथ हुई।   तत्पश्चात पूजा अर्चना के साथ बड़े ही भक्ति भाव से षोडश गुण विभुषित द्वितीय महाअर्चना के 16 अर्घ चढ़ाकर सिद्धों की आराधना की गई। सिद्धचक्र विधान मे उपस्थित सभी भक्तों के पुण्य की अनुमोदना की गई।
शाम के कार्यक्रम मे उपस्थित सभी भक्तगण ने अपने नाम की पर्ची ड्रा बॉक्स मे डाली। प्रतिदिन 5 पुरस्कार विधान के इन्द्रो की तरफ से वितरित किये जाते हैं।