ग्वालियर में सीजन की सबसे ठंडी रात

Nov 17 2026

ग्वालियर। सर्दी ने धीरे-धीरे असर दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। सोमवार के मुकाबले न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की गिरावट आई। सुबह ठंडी हवाओं और धुंध के कारण लोगों को ठंड का अहसास हुआ। मौसम में बदलाव के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़े निकालना शुरू कर दिए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार सुबह 5:30 बजे तापमान 14.8 डिग्री और सुबह 8:30 बजे 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी के कारण सुबह धुंध छाई रही।  मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग भी गर्म कपड़ों में नजर आए।
 मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं का असर ग्वालियर-चंबल अंचल में दिखने लगा है। आसमान साफ रहने और ठंडी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट हो रही है। आने वाले दिनों में दिन और रात, दोनों के तापमान में कमी आने की संभावना है। 
बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम में बदलाव को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह और शाम घर से निकलते समय गर्म कपड़े पहनने, ठंडे पानी से बचने और खानपान का ध्यान रखने की जरूरत है। अस्थमा, एलर्जी और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को भी बदलते मौसम में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।