दो माह में 300 से अधिक कचरा ब्लैक स्पॉट समाप्त, जुर्माना वसूली में दस गुना तक वृद्धि

Nov 15 2026

ग्वालियर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान के साथ-साथ प्रवर्तन की कार्रवाई भी लगातार प्रभावी ढंग से की जा रही है। निगमायुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में शहर के कचरा ब्लैक स्पॉट समाप्त करने, संकरी गलियों से नियमित कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई तथा जुर्माना वसूली में सख्ती के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
नगर निगम द्वारा पिछले दो माह में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 300 से अधिक कचरा ब्लैक स्पॉट स्थायी रूप से समाप्त किए जा चुके हैं। इसके साथ ही प्रतिदिन नए बनने वाले कचरा स्थलों की पहचान कर उनका स्थान, कचरे की मात्रा एवं समय सहित रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, ताकि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। शेष ब्लैक स्पॉट और नए बनने वाले कचरा स्थलों को भी समाप्त करने की कार्रवाई निरंतर जारी है।
निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी और प्रभावी बनाने के लिए नियमित कचरा संग्रहण, ब्लैक स्पॉट का उन्मूलन, समयबद्ध कचरा परिवहन और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी। नगर निगम का संकल्प है कि ग्वालियर का प्रत्येक वार्ड, प्रत्येक गली और प्रत्येक सार्वजनिक स्थल स्वच्छ एवं सुंदर बने। इसके लिए नागरिकों से भी अपील है कि वे कचरा केवल निगम के कचरा संग्रहण वाहनों को ही दें, खुले में कचरा न फेंकें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
संकरी गलियों में भी घर-घर पहुंच रही स्वच्छता की व्यवस्था
शहर की संकरी गलियों और सघन बस्तियों में जहां बड़े कचरा वाहन नहीं पहुंच पाते, वहां सफाई मित्रों के माध्यम से हाथ ठेलों द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कराया जा रहा है। इन क्षेत्रों से एकत्रित कचरे को मुख्य मार्गों के समीप निर्धारित अस्थायी कचरा ठियों पर व्यवस्थित रूप से एकत्रित कर निर्धारित समय पर बड़े वाहनों से उठवाने की व्यवस्था की गई है। इससे कचरे का समय पर परिवहन सुनिश्चित होने के साथ ही सडक़ों पर गंदगी फैलने की समस्या को नियंत्रित किया जा रहा है।
गंदगी फैलाने वालों पर मौके पर ही जुर्माना
स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की टीमें मुख्य मार्गों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित निगरानी कर रही हैं। खुले में कचरा फेंकने, दुकानों के आसपास गंदगी फैलाने तथा डस्टबिन का उपयोग नहीं करने वाले दुकानदारों एवं नागरिकों के विरुद्ध मौके पर ही स्पॉट फाइन की कार्रवाई की जा रही है। निगम का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित करना है।
जुर्माना वसूली में दस गुना तक वृद्धि, सख्ती का दिखा असर
नगर निगम द्वारा स्वच्छता नियमों के पालन को लेकर बढ़ाई गई निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई का असर जुर्माना वसूली में भी दिखाई दे रहा है। अक्टूबर 2025 में जहां प्रतिमाह जुर्माना वसूली का औसत लगभग 20 से 30 हजार रुपये था, वहीं अक्टूबर 2026 में यह बढक़र लगभग 2 लाख रुपये प्रतिमाह तक पहुंच गई है। यह वृद्धि स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर निगम की बढ़ती सख्ती और प्रभावी निगरानी को दर्शाती है।