घाटीगांव में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनी धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 151वी जयंती

Nov 15 2026

ग्वालियर। धरती आबा भगवान एवं जनजाति नायक बिरसा मुण्डा की 151वी जयंती ग्वालियर जिले में भी हर्षोल्लास के साथ ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाई गई। जिले के आदिवासी बहुल विकासखंड मुख्यालय घाटीगांव में भव्य जिला स्तरीय उत्सव का आयोजन हुआ। सीधे प्रसारण के जरिए एलईडी स्क्रीन से कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उदबोधन भी सुना। घाटीगाँव में विधायक मोहन सिंह राठौर के मुख्य आतिथ्य एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव की अध्यक्षता में  ‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर आयोजित हुए कार्यक्रम में परंपरागत आदिवासी परिधानों में सजे-धजे जनजाति समुदाय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए आदिवासी संस्कृति की छटा बिखरी। इस अवसर पर सरकार की अन्य योजनाओं के तहत जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित हुए। कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गईं।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, जनपद पंचायत सदस्य सुश्री रेनू आदिवासी, ग्राम पंचायत के सरपंच बंटी आदिवासी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया, एसडीएम श्रीमती जुही गर्ग, उप आयुक्त जनजाति कल्याण विभाग बृजेश पाण्डेय व जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री भारती धाकड़ उपस्थित थीं।
विधायक मोहन सिंह राठौर ने कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री ने पीएम जन-मन अभियान के माध्यम से आदिवासी समुदाय की समस्याओं का स्थायी समाधान किया है। साथ ही आदिवासी बहुल बस्तियों में तेजी के साथ अधोसंरचनागत विकास भी कराया है। उन्होंने कहा आदिवासी बहुल बस्तियों में पक्की सडक़ें, विद्युतीकरण व पेयजल की पुख्ता व्यवस्था की गई है। 
जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव ने कहा खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री की पहल पर भारत के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व समाज सुधारक भगवान बिरसा मुण्डा के नाम से हर साल जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इतना ही नहीं अनसूचित जनजाति वर्ग को समाज की मुख्य धारा में शामिल करने के लिये केन्द्र व राज्य सरकार ने तमाम कल्याणकारी योजनायें शुरू की हैं।  
धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती पर घाटीगाँव में आयोजित हुए जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में जनजाति समुदाय के छात्र - छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए आदिवासी लोक संस्कृति को जीवंत कर दिया। आदिवासी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने परंपरागत आदिवासी लोकनृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। इसी तरह अन्य आदिवासी बालिकाओं ने भगवान बिरसा मुण्डा एवं आदिवासी संस्कृति से ओतप्रोत मनोहारी लोक नृत्य प्रस्तुत कर सभी की वाहवाही लूटी।