भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए किया संघर्ष:अमिताभ श्रीवास्तव

Nov 15 2026

ग्वालियर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड मुरार द्वारा जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय मुरार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के अमिताभ श्रीवास्तव उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि उत्कृष्ट विद्यालय धर्मपाल सिंह बघेल, रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम तथा विकासखंड समन्वयक श्रीमती प्रीति बाजपेयी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। स्वागत भाषण एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए हरिओम गौतम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के अधिकारों, जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा सामाजिक कुरीतियों एवं नशाखोरी के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन हमें समाज में जागरूकता, स्वाभिमान और सामाजिक परिवर्तन के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में अमिताभ श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में स्वतंत्रता संग्राम, जनजातीय अधिकारों एवं सामाजिक सुधार के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने समाज के समक्ष मौजूद चार प्रमुख समस्याओं पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने  नशाखोरी को समस्या बताते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और आर्थिक स्थिति को प्रभावित करता है। समाज को नशे से मुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता, सामूहिक प्रयास और युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। लोगों को अपनी आय के अनुसार खर्च करने, अनावश्यक ऋण से बचने और आर्थिक अनुशासन अपनाने की आवश्यकता है। साथ ही खाद्य पदार्थों में रसायनों के बढ़ते प्रयोग को बताते हुए उन्होंने कहा कि भोजन में रसायनों एवं हानिकारक तत्वों का बढ़ता उपयोग मानव स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है। जब तक व्यक्ति अपने विचारों और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन नहीं लाएगा, तब तक वास्तविक सामाजिक बदलाव संभव नहीं है। इस अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय के शिक्षक धर्मपाल सिंह बघेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का आभार विकासखंड समन्वयक श्रीमती प्रीति बाजपेयी ने एवं कार्यक्रम का सचालन नरेन्द्र पिप्पल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती उर्मिला कुशवाहा, श्रीमती कल्पना तिवारी सहित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।