प्रभात फेरियों में उमड़ रहा श्रद्धा का सैलाब, आतिशबाजी और पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत

Nov 14 2026

ग्वालियर। श्री गुरु नानक देव महाराज के पावन प्रकाश पर्व (गुरुपुरब) को समर्पित प्रभात फेरियों का सिलसिला 10 नवंबर से निरंतर श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। इसी कड़ी में शनिवार14 नवंबर की प्रभात फेरी गुरुद्वारा फालका बाजार से प्रारंभ होकर रायरू स्थित पेट्रोल पंप के समीप सरदार गुरदीप सिंह ज्ञानी के निवास स्थान पर पहुंची।
प्रभात फेरी के पूरे मार्ग में संगत का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। रास्ते में 5 से 7 प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा आतिशबाजी चलाकर और पुष्प वर्षा कर प्रभात फेरी का भव्य स्वागत किया गया। 200 से अधिक की संख्या में मौजूद संगत ने बस में यात्रा के दौरान इलाही बाणी का रसभीना कीर्तन किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और सभी ने गुरु चरणों में जुडक़र आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
गंतव्य पर पहुंचने पर सरदार गुरदीप सिंह ज्ञानी एवं उनके परिवार द्वारा संगत का आत्मीय व भव्य स्वागत किया गया। वहां शब्द कीर्तन के उपरांत सभी श्रद्धालुओं को गुरु का लंगर (प्रसाद) वितरित किया गया। गुरुद्वारा फालका बाजार समिति के सेवक जत्थे ने समस्त साध संगत से विनम्र अपील की है कि वे प्रतिदिन अधिक से अधिक संख्या में प्रभात फेरियों में शामिल होकर श्री गुरु नानक देव जी की खुशियां और आशीर्वाद प्राप्त करें।
आज रविवार 15 नवंबर को निकलने वाली प्रभात फेरी गोले का मंदिर स्थित पोपली जी के निवास एवं मुरार सात नंबर चौराहा स्थित जयराम के निवास स्थान पर जाएगी।