रास्ते के विवाद में पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या, 4 महीने पहले भी हुई थी गोलीबारी

Nov 13 2026

ग्वालियर। पदमपुर खेरिया गांव में शुक्रवार सुबह जमीन विवाद में पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सुबह करीब 10.30 बजे हुई। मृतकों की पहचान कमलेश लोधी और उनके बेटे अमित लोधी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान 9 राउंड फायर किए गए। पिता-पुत्र को दो-दो गोलियां लगीं।
महाराजपुरा थाना पुलिस के अनुसार, कमलेश का अपने भाई राजकुमार लोधी से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार के पास कुल 15 बीघा जमीन है। इसमें से 5 बीघा कमलेश के पास थी। जमीन का बंटवारा नहीं हुआ था। आरोपियों की मांग थी कि इसी 5 बीघा जमीन में से उन्हें रास्ता दिया जाए।
इसी विवाद को लेकर शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के बीच फिर तनाव बढ़ा और फायरिंग हो गई। करीब चार महीने पहले भी दोनों परिवारों के बीच गोलीबारी हुई थी। इस बार कमलेश और अमित की जान चली गई। पुलिस राजकुमार लोधी की तलाश कर रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।