त्योहार मनाने आए 214 बदमाशों को पकड़ा,34 जमानती वारंट भी कराए तामील

Nov 12 2026

ग्वालियर। फरार बदमाशों और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए ग्वालियर पुलिस ने गत रात जिलेभर में कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। प्रभारी एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देश पर शहर से लेकर देहात तक पुलिस अधिकारियों और थाना बल ने मोर्चा संभाला। इस दौरान पुलिस ने 214 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि 34 जमानती वारंट भी तामील कराए।
प्रभारी एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई में 106 स्थाई वारंटी और 108 गिरफ्तारी वारंटी पकड़े गए। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की। इसके साथ ही मुंह बांधकर दोपहिया वाहन चलाने वालों पर भी नजर रखी गई। पुलिस टीमों ने गुण्डे, हिस्ट्रीशीटर, जिला बदर और फरार बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली। जेल से छूटकर आए आरोपियों की भी जांच की गई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान डबरा सिटी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज किए। डबरा देहात में अवैध शराब का एक प्रकरण और विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में जुए का मामला पकड़ा गया। वहीं बहोड़ापुर थाना पुलिस ने धारा 151 के तहत एक कार्रवाई की।
अभियान में एएसपी जयराज कुबेर, एएसपी पूर्व डॉ. शिवेश सिंह बघेल सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ गश्त की। प्रभारी एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने भी देर रात शहर में भ्रमण कर थानों की कार्रवाई का जायजा लिया। 
पुलिस ने सक्रिय बदमाशों को अपराध से दूर रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
दीपावली की दौज को पुलिस ने यह अभियान चलाया और इसमें वह बदमाश हाथ लगे हंै, जिनकी तलाश पुलिस को लंबे समय से थी। पुलिस ने इनके हाथ आते ही इन्हें सीधे थाने पहुंचाकर हवालात में दाखिल किया। इनके पकड़े जाने पर कुछ सिफारिसी फोन भी पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी। 
प्रभारी एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि अपराधों और अपराधी पर रोक लगाने के लिए पुलिस के औचक अभियान लगातार जारी रहेंगे। जिससे आमजन चैन से रह सकें।