स्वच्छता के क्षेत्र में ग्वालियर ने रचा नया इतिहास, बना मध्य प्रदेश राज्य का प्रथम स्वच्छ शहर

Nov 11 2026

ग्वालियर। स्वच्छता के क्षेत्र में ग्वालियर ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर शहर का गौरव बढ़ाया है। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के अंतर्गत 60 से अधिक शहरों को विभिन्न श्रेणी अंतर्गत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार समारोह में ग्वालियर को ‘स्टेट फस्र्ट स्वच्छ सिटी ऑफ मध्यप्रदेश’ के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान न केवल ग्वालियर नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक, सफाई मित्र और निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की भी बड़ी उपलब्धि है।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग द्वारा आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह की मुख्य अतिथि देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू रहीं। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
ग्वालियर को प्रदेश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनने का गौरव प्राप्त होने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार एवं निगम सभापति मनोज तोमर ने समस्त शहरवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे ग्वालियर का सम्मान है। शहरवासियों की जागरूकता, सफाई मित्रों की मेहनत और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के निरंतर प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है।
नगर निगम ग्वालियर की ओर से निगमायुक्त अभिषेक चौधरी, पूर्व निगमायुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त स्वास्थ्य टी. प्रतीक राव एवं उपायुक्त एसबीएम मुकेश बंसल ने पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री शैलेंद्र सक्सेना, आईईसी समन्वयक सुश्री विजेता सिंह चौहान, कंसल्टेंट देवेन्द्र निम सहित अन्य विभागीय अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी समारोह में उपस्थित रहा।