शेर-ए-पंजाब रेस्टोरेंट में लगी आग, कोई जनहानि नहीं हुई

Nov 11 2026

पूजा कर दीपक जलाकर घर लौटे थे मालिक
ग्वालियर।  एलआईसी तिराहे पर बुधवार सुबह शेर-ए-पंजाब रेस्टोरेंट में आग लग गई। रेस्टोरेंट से धुएं का गुबार उठते देख आसपास के दुकानदारों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में आग ने रेस्टोरेंट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। 
रेस्टोरेंट के मालिक पुरुषोत्तम रामसनेही बुधवार सुबह करीब 6 बजे रोज की तरह प्रतिष्ठान पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूजा-पाठ कर दीपक जलाया और घर लौट गए। कुछ देर बाद उनके पास फोन आया कि रेस्टोरेंट में आग लग गई है। यह खबर सुनकर वे तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है।
आग की सूचना पर दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका गया और काफी मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया गया। आग शॉर्ट सर्किट से लगने की भी आशंका है। सूचना मिलने पर पड़ाव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का पता लगा रही है।