मोती महल का आइसीसीसी बना स्मार्ट गवर्नेंस का नया हब

Nov 11 2026

ग्वालियर। ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक तकनीक के समन्वय की मिसाल बनकर उभरा मोती महल परिसर स्थित ग्वालियर स्मार्ट सिटी का इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) शहर में स्मार्ट गवर्नेंस का प्रमुख केंद्र बन गया है। इस अत्याधुनिक केंद्र के माध्यम से शहर की 13 प्रमुख ऑनलाइन सेवाओं की 24 घंटे रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। इससे न केवल विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है, बल्कि नागरिकों की शिकायतों के निराकरण, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था और कानून व्यवस्था की निगरानी को भी तकनीक आधारित मजबूती मिली है।
निगमअपर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ टी. प्रतीक राव ने बताया कि ग्वालियर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से आईसीसीसी के माध्यम से विभिन्न सेवाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए नगर निगम के डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में लगे वाहनों को जीपीएस तकनीक से जोड़ा गया है। इन वाहनों की लाइव लोकेशन और मूवमेंट की निगरानी आईसीसीसी से की जा रही है। इससे कंट्रोल सेंटर में बैठकर यह देखा जा सकता है कि कचरा संग्रहण वाहन निर्धारित वार्डों और क्षेत्रों में पहुंचकर नियमित रूप से कचरा संग्रहण कर रहे हैं या नहीं। आवश्यकता पडऩे पर कंट्रोल सेंटर से संबंधित अमले को तत्काल निर्देश भी दिए जा सकते हैं। श्री राव ने बताया कि आईसीसीसी के माध्यम से संचालित स्वच्छता हेल्पलाइन (महापौर एवं सभापति हेल्पलाइन) नागरिकों की शिकायतों के निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। इस व्यवस्था के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के निराकरण की दर 94 प्रतिशत तक पहुंच गई है। शिकायतों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग और संबंधित विभागों तक उनका त्वरित संप्रेषण होने से जवाबदेही एवं कार्यवाही की प्रक्रिया को मजबूती मिली है।
407 कैमरों से 100 लोकेशंस पर निगरानी, 24 स्थानों पर रॉन्ग साइड वाहनों के ऑटोमैटिक चालान
उन्होंने बताया कि शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम आईटीएमएस एवं सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम को आईसीसीसी से एकीकृत किया गया है। इसके तहत शहर की 100 लोकेशंस पर स्थापित 407 कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। वहीं, 24 प्रमुख स्थानों पर लगाए गए विशेष कैमरों के जरिए रॉन्ग साइड से वाहन चलाने वालों की पहचान कर ऑटोमैटिक चालान की कार्रवाई की जा रही है। इस तकनीक से यातायात नियमों के पालन को प्रोत्साहन मिलने के साथ सडक़ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्रवाई में भी मिल रही मदद
श्री राव ने बताया कि आईसीसीसी के माध्यम से संचालित 24म7 सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था शहर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कैमरों से प्राप्त फुटेज और उपलब्ध तकनीकी सूचनाओं के आधार पर पुलिस को चोरी, अपहरण सहित विभिन्न आपराधिक मामलों की जांच और आरोपियों तक पहुंचने में सहायता मिल रही है। इस व्यवस्था के माध्यम से पुलिस को लगभग 70 से 80 प्रतिशत मामलों को त्वरित गति से सुलझाने में मदद मिलने की जानकारी सामने आई है।
 13 प्रमुख सेवाओं की एकीकृत निगरानी से बढ़ी प्रशासनिक दक्षता
श्री राव ने बताया कि आईसीसीसी के माध्यम से केवल स्वच्छता और यातायात ही नहीं, बल्कि शहर की कुल 13 प्रमुख ऑनलाइन सेवाओं की निगरानी की जा रही है। इनमें डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की त्रक्कस् ट्रैकिंग, स्वच्छता हेल्पलाइन, आईटीएमएस, सीसीटीवी सर्विलांस, फसाड लाइटिंग, स्मार्ट वॉशरूम प्रबंधन, ई-रिक्शा की कलर कोडिंग एवं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन तथा मुख्यमंत्री अन्नदूत योजना के अंतर्गत राशन दुकानों से खाद्यान्न वितरण की निगरानी जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। इन सेवाओं की एकीकृत मॉनिटरिंग से संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल रही है।
कोविड महामारी के दौरान भी आईसीसीसी ने निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका
उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक केंद्र की उपयोगिता कोविड-19 महामारी के दौरान भी सामने आई थी। उस चुनौतीपूर्ण समय में आईसीसीसी के माध्यम से शहर की स्थिति की निगरानी, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन, आवश्यक सूचनाओं के समन्वय और आपात परिस्थितियों में प्रशासनिक प्रतिक्रिया को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला था।
श्री राव ने कहा कि ऐतिहासिक मोती महल भवन का अनुकूली पुन: उपयोग करते हुए यहां आधुनिक तकनीक से युक्त आईसीसीसी विकसित किया गया है। यह पहल ग्वालियर की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखते हुए उसे आधुनिक प्रशासनिक आवश्यकताओं से जोडऩे का उत्कृष्ट उदाहरण है। आज यह केंद्र तकनीक, डेटा और विभागीय समन्वय के माध्यम से ग्वालियर को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से युक्त स्मार्ट शहर बनाने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।