विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,चेहरे और सीने पर खरोंच के निशान

Nov 10 2026

ग्वालियर। जनकगंज स्थित तारागंज इलाके में मंगलवार दोपहर एक 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव ससुराल के कमरे में बेड पर पड़ा मिला। उसके चेहरे और सीने पर खरोंच के निशान थे। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद पति और ससुरालीजन मौके से भाग गए।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने शुरुआती जांच में आशंका जताई है कि मृतका सुबह से भूखी थी और उसने खाली पेट शराब पी थी। इसके बाद संभवत: कोई दवा या ऐसी चीज खाई, जिसके रिएक्शन से पेट में पॉइजनिंग हो गई। मौत से पहले महिला को उल्टी भी हुई थी। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
ग्वालियर की रहने वाली रूखसार की शादी 2019 में तारागंज पुल के पास नादों का मोहल्ला निवासी इमरान खान से हुई थी। दोनों की 4 साल की एक बेटी भी है। मंगलवार दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच मायके वालों को सूचना मिली कि रूखसार की मौत हो चुकी है और उसका शव बेड पर पड़ा है। खबर मिलते ही चाचा खलील और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे।
पति पर जबरन शराब पिलाने और गलत काम का दबाव बनाने का आरोप
मृतका के चाचा खलील ने आरोप लगाया कि इमरान उनकी भतीजी को जबरन शराब पिलाता था और गलत काम करने का दबाव बनाता था। उसका किसी अन्य लडक़ी से अफेयर चल रहा था, जिसके चलते उसने रूखसार की हत्या कर दी। मायके पक्ष के पहुंचते ही इमरान घर छोडक़र भाग निकला।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. कोक सिंह को मौके पर बुलाया। उन्होंने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और जनकगंज थाने के पुलिस अधिकारियों को कुछ बिंदुओं की जानकारी दी। फोरेंसिक जांच में मृतका के चेहरे और गले के नीचे सीने पर खरोंच के हल्के निशान मिले हैं। शव के पास उल्टी भी पड़ी हुई थी।
फोरेंसिक एक्सपर्ट ने शुरुआती जांच में आशंका जताई है कि महिला संभवत: सुबह से खाली पेट थी। उसने अत्यधिक शराब पीने के बाद कोई दवा ली होगी, जिसके रिएक्शन से पॉइजनिंग हुई और उल्टी आने के बाद उसकी मौत हो गई।
जनकगंज थाना प्रभारी प्रवीण सिंह के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा होगा। हंगामे के बाद महिला का पति मौके से भाग गया है। उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया है।