दीपावली पड़वा पर महाराज बाड़ा में चला स्वच्छता अभियान

Nov 09 2026

ग्वालियर। दीपावली पड़वा के पावन पर्व पर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शहर के हृदय स्थल महाराज बाड़ा पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर निगम लेखा समिति के अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय पार्षद अनिल सांखला के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अभियान के दौरान सभी ने एकजुट होकर श्रमदान किया तथा महाराज बाड़ा परिसर में साफ-सफाई करते हुए कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया। इस पहल के माध्यम से त्योहार की खुशियों के साथ स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर अनिल सांखला ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर ग्वालियर का निर्माण केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। त्योहारों के अवसर पर हमें अपने घरों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। सभी नागरिकों के सहयोग और सहभागिता से ही ग्वालियर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर बनाया जा सकता है।
अभियान में मंडल अध्यक्ष अमर कूटे, अरुण चौहान, टीकाराम कुशवाह, रामस्वरूप कुशवाह, नवीन कुशवाह, नरेश जेठवानी, किक्की पंडित, राहुल चौधरी सहित अनेक वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि एवं नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।