बजरंग भक्त मंडल ने जनकताल गौशाला में गौमाता के बीच मनाया दीपावली पर्व

Nov 09 2026

ग्वालियर। रोशनी और खुशियों के पावन पर्व दीपावली के शुभ अवसर पर जहाँ पूरा देश दीपों और आतिशबाजी के उल्लास में डूबा था, वहीं ग्वालियर के सामाजिक व धार्मिक संगठन बजरंग भक्त मंडल ने एक बेहद सराहनीय और अनुकरणीय पहल की। मंडल के सेवाभावी सदस्यों ने इस प्रति सप्ताह की जाने वाली गौसेवा के क्रम में इस बार दीपावली जनकताल गौशाला में आश्रित गौमाताओं के बीच जाकर मनाई। इस दौरान मंडल की ओर से गौवंश के लिए 11 क्विंटल पौष्टिक हरे चारे की विशेष भोग सेवा अर्पित की गई।
दीपोत्सव पर गौ-सेवा का पावन संकल्प
सनातन परंपरा में दीपावली और गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौ-पूजन का विशेष महत्व है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए बजरंग भक्त मंडल के सदस्य भारी मात्रा में हरा चारा (कुटी) लेकर जनकताल गौशाला पहुँचे। इसके पश्चात सभी सदस्यों ने अपने हाथों से गौवंश को हरा चारा खिलाया।
इस पुनीत कार्य के अवसर पर बजरंग भक्त मंडल के अध्यक्ष आशीष मंगल ने कहा,‘हम हर साल दीपावली पर अपने घरों को रोशन करते हैं, लेकिन असली खुशी और संतोष उन बेजुबान जीवों की सेवा में है जिन्हें हमारी सबसे ज्यादा जरूरत है। गौमाता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना जाता है और उनके आशीर्वाद से बड़ा कोई उपहार नहीं हो सकता। हमारा मंडल पिछले कई वर्षों से निरंतर यह सेवा कार्य कर रहा है और आगे भी जारी रहेगा। गौशाला प्रबंधन ने बजरंग भक्त मंडल के इस संवेदनशील और सेवाभावी प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। त्योहारों के समय जब लोग अपने-अपने जश्न में व्यस्त होते हैं, ऐसे में मंडल का गौशाला आकर इतनी बड़ी मात्रा में चारे की व्यवस्था करना वास्तव में प्रेरणादायक है। साथ ही मंडल के संयुक्त उपाध्यक्ष विशाल अग्रवाल एवं सह सचिव नमन अवस्थी ने आज उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस पुनीत गौ-सेवा कार्यक्रम में मुख्य रूप से बजरंग भक्त मंडल के अध्यक्ष आशीष मंगल, सचिव राकेश मंगल, उपाध्यक्ष अमन गर्ग, सह सचिव नमन अवस्थी, संयुक्त उपाध्यक्ष विशाल अग्रवाल उपस्थित थे। इनके साथ ही मंडल के वरिष्ठ सदस्य राम किशोर मंगल, भानु राजपूत, कमल सिंह गर्ग, राजीव राजपूत, राकेश बंसल, कार्तिक बरोलिया, हिमांशु शर्मा, हिमांशु बघेल, गोपाल सोनी, दीपक सिंघल, संजीव गुप्ता एवं चमन गर्ग सहित बड़ी संख्या में गौभक्त व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने गौमाता की सेवा कर पुण्य लाभ कमाया।