दीपावली पर एक-दूसरे से प्यार बांटने मिठाई व उपहारों का बाजार सजकर तैयार

Nov 07 2026

ग्वालियर। एक-दूसरे से प्यार बांटने वाले त्योहार दीपावली को लेकर उपहारों का बाजार सजकर तैयार है। हवाओं में मिठाई और नमकीन की खुशबू तैर रही है। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग मिठाई और नमकीन खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं। वहीं कई लोग गिफ्ट में देने के लिए थोक में मिठाई पैक करा रहे हैं। 
दुकानों पर 200 से 400 रुपए किलो तक बिक रही है। इन दिनों सबसे ज्यादा बिक्री रतलामी, लौंग और साउथ इंडियन नमकीन की हो रही है। शहर की नमकीन की दुकानों पर छप्पन तरह की नमकीन लोगों के मुंह में पानी ला रही हैं। वहीं मिठाई की छोटी-बड़ी दुकानोंं में डेढ़ सैकड़ा से अधिक वैरायटी मन को ललचा रही हैं। मिठाई और नमकीन की दुकानों के बाहर सडक़ पर काउंटर सज गए हैं और जमकर इनकी बिक्री हो रही है।   उल्लेखनीय है कि दीपावली पर्व को मिठाई का त्योहार कहा जाता है। ऐसे में दीपावली पर लोग मिठाई का स्वाद बिना लिए नहीं रह सकते हैं।
दीपावली के मौके पर शहर में रहने वाले एक दूसरे का मुंह मीठा कराते हैं और मिठाई गिफ्ट करते हैं। दीपावली पर्व हर कोई अपने अंदाज में सेलिब्रेट करने की तैयारी में जुटा हुआ है। मिठाई और नमकीन विक्रेताओं के पास गिफ्ट पैकिंग के बल्क में आर्डर हैं। मिठाई और नमकीन कारोबार पूरी रफ्तार पर है। मिठाई और नमकीन कारोबारियों के यहां बुक होने के साथ डिलेवरी भी शुरू की जा चुकी है। कारोबारियों को पूरी उम्मीद है कि इस साल दीपावली पर मिठाई कारोबार की चमक दोगुना होगी।
ऑनलाइन मिठाई का बाजार भी गर्म
इन दिनों ऑनलाइन मिठाइयों के बाजार गर्म है। भाईदूज पर जो बहनें नहीं आ पा रही हैं वह भी भाई का मुंह मीठा कराने के लिए ऑनलाइन मिठाई की दुकान पर ही निर्भर हैं। इन दिनों 500 रुपए से 1000 रुपए प्रति किलो तक मिठाई मिल रही है।