गंगादास की बड़ी शाला में भगवान धन्वंतरि का पूजन कर आयुर्वेदाचार्यों को किया सम्मानित

Nov 06 2026

ग्वालियर। भगवान धन्वंतरि के प्राकट्योत्सव पर सिद्धपीठ गंगादास की बड़ी शाला में पूजन एवं आयुर्वेदाचार्यों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी शाला के महंत रामसेवक दास महाराज मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अध्यक्षता आईएमए के सचिव डॉ. विनीत चतुर्वेदी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री परशुराम सर्व ब्राह्मण संघ की राष्ट्रीय महामंत्री मधु भार्गव, सनाढ्य सभा के कार्यवाहक प्रांताध्यक्ष महेंद्र पटसारिया एवं अचलेश्वर न्यास के अध्यक्ष राजेश ऐरन मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य पं. हरीश चंद्र भार्गव एवं पं. ब्रह्मदत्त पांडे द्वारा भगवान धन्वंतरि के विधिवत पूजन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम संयोजक राजकुमार पांडे, कपिल बौहरे एवं डॉ. सूर्यकांत अग्निहोत्री ने किया। स्वागत भाषण कपिल बौहरे ने दिया। महंत रामसेवक दास महाराज ने कहा कि भगवान धन्वंतरि भारतीय चिकित्सा परंपरा और आयुर्वेद के आराध्य हैं। आयुर्वेदाचार्यों का सम्मान करना चिकित्सा सेवा के साथ समाज में समरसता और परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। डॉ. विनीत चतुर्वेदी ने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन चिकित्सा पद्धति है, जिसने सदियों से मानव जीवन को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा पद्धति के समन्वय से समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकती हैं। मधु भार्गव ने कहा कि भगवान धन्वंतरि का पूजन भारतीय संस्कृति में स्वास्थ्य और आरोग्य के महत्व को दर्शाता है। आयुर्वेदाचार्यों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायी है और इससे चिकित्सा क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने वालों का उत्साह बढ़ता है। महेंद्र पटसारिया ने कहा कि समाज की एकता और समरसता के लिए सभी वर्गों के योगदान को सम्मान देना आवश्यक है। आयुर्वेदाचार्य अपनी सेवा और ज्ञान से समाज को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। राजेश ऐरन ने कहा कि आयुर्वेद भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। भगवान धन्वंतरि के आदर्शों को आत्मसात कर स्वास्थ्य और सेवा के क्षेत्र में जनकल्याण के प्रयासों को आगे बढ़ाना चाहिए। इसके बाद राजकुमार पांडे, डॉ. सूर्यकांत अग्निहोत्री एवं कपिल बौहरे ने डॉ. प्रवेश कुमार मिश्रा, डॉ. भगवान स्वरूप चौरसिया, डॉ. कमल किशोर गुप्ता, डॉ. दिवाकर शर्मा, डॉ. राहुल कुमार गुप्ता, डॉ. माही मिश्रा एवं डॉ. हेमंत उपाध्याय को अंगवस्त्र एवं भगवान धन्वंतरि की तस्वीर भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शशिकांत दीक्षित ने किया तथा आभार ममता कटारे ने व्यक्त किया। इस अवसर पर चंद्रशेखर शर्मा, मुन्नालाल शर्मा, लालता प्रसाद मिश्रा, भूपेंद्र शर्मा, कांता शर्मा, दिनेश शर्मा, डॉ. अनिल कुमार शर्मा, डॉ. समीर भार्गव, बृजेश पाठक, मनोज दीक्षित, प्रमोद दुबे, अंजू दीक्षित, नंदनी पांडे, दीपक शर्मा, राजेंद्र भारद्वाज, भुवन शर्मा गणमान्यजन उपस्थित रहे।