लायंस क्लब आस्था ने जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाई दीवाली, नन्हे चेहरों पर बिखेरी मुस्कान

Nov 06 2026

ग्वालियर। दीपावली का पर्व केवल अपने घरों को रोशन करने का ही नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी संदेश देता है। इसी सेवा और संवेदना की भावना को साकार करते हुए लायंस क्लब ग्वालियर आस्था द्वारा ‘खुशियों की दीवाली’ नाम से एक विशेष सेवा प्रकल्प आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत मलगड़ा चौराहा, हजीरा थाना के पास, मुरैना रोड स्थित स्लम क्षेत्र में छोटे-छोटे बच्चों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा की गईं। क्लब की सदस्यों ने बच्चों के बीच पहुँचकर उन्हें उपहार एवं आवश्यक सामग्री वितरित की और उनके साथ उत्साहपूर्वक दीपावली मनाई। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और उनकी खुशियों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रीजन चेयरपर्सन भूपेंद्र तोमर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ज़ोन चेयरपर्सन अजय बाजपेई एवं पूर्व रीजन चेयरपर्सन सुनील शर्मा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की।
अतिथियों ने लायंस क्लब ग्वालियर आस्था के इस सेवा प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्ग के साथ त्योहार मनाना ही सच्ची मानवता और सेवा भावना है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सहयोग और समानता का संदेश देते हैं। क्लब की ओर से कहा गया कि दीपावली की वास्तविक खुशी तभी है, जब हमारी खुशियों में समाज के उन लोगों को भी शामिल किया जाए, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। इस अवसर पर अध्यक्ष अनीता सिंह, पूर्व जेडसी ज्योति अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष रश्मि अग्रवाल, सचिव चंचल सिंह, पूजा चौरसिया, सुरेखा सिंह, कोमल बाथम आदि उपस्थित रहे।