डॉ. स्नेहलता दुबे आईएमए-एएमएस मप्र की चेयरमैन नियुक्त

Nov 05 2026

ग्वालियर। डॉ. स्नेहलता दुबे को वर्ष 2026-27 के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन एकेडमी ऑफ मेडिकल स्पेशियलिटीज (आईएमए-एएमएस) मप्र की चेयरमैन नियुक्त किया गया है। आईएमए-एएमएस चिकित्सा की विभिन्न विशेषज्ञताओं से जुड़े चिकित्सकों को एक साझा शैक्षणिक मंच प्रदान करता है। इसके माध्यम से चिकित्सक नवीनतम चिकित्सा अनुसंधानों, उपचार की आधुनिक तकनीकों एवं क्लिनिकल अपडेट्स का आदान-प्रदान करते हैं तथा सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) को प्रोत्साहन दिया जाता है।
अपनी नियुक्ति पर डॉ. दुबे ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ करेंगी। उनका प्रयास रहेगा कि मध्य प्रदेश के चिकित्सकों के बीच शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों एवं आपसी सहयोग को और अधिक सशक्त बनाया जाए तथा चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए जाएँ।