गोल्डन वल्र्ड रिट्रीट सेंटर में मनाई गई दीपावली, लक्ष्मी रूप में कुमारी ने दिया वरदान

Nov 04 2026

मालनपुर। ब्रह्माकुमारीज़ आश्रम गोल्डन वल्र्ड रिट्रीट सेंटर में दीपावली पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव से मनाया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा जब माँ लक्ष्मी देवी के रूप में एक कुमारी ने उपस्थित सभी भक्तों को वरदान दिया। भक्तों ने बड़ी श्रद्धा से आरती की और अपने आने वाले भविष्य को खुशहाल बनाने हेतु प्रार्थना की।
इस अवसर पर बताया गया कि परमपिता परमात्मा शिव और माँ लक्ष्मी मिलकर सभी को भरपूर करते हैं। सच्ची दीपावली वही है, जिसमें हम अपनी आत्मा की ज्योत को जगाएं। जिस प्रकार हम अपने घर के कोने-कोने को स्वच्छ करते हैं, उसी प्रकार हमें अपने मन के कोने-कोने को भी हर प्रकार की बुराइयों से स्वच्छ करना चाहिए। यही भाव ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से दिया गया। बताया गया कि जैसे ही हम अपने मन को बुराइयों से दूर करते हैं, परमपिता परमात्मा और देवी का आशीर्वाद स्वत: ही प्राप्त हो जाता है।
मुख्य अतिथि ब्रजकिशोर गुप्ता ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि,‘जब से मैं ब्रह्माकुमारी संस्थान से जुड़ा हूँ, तब से मैंने अपने मन के अंधकार को दूर करके अपने जीवन में सच्ची खुशी प्राप्त की है।‘ ब्रह्माकुमारी सतनाम भाई ने कहा कि हम अपने मन को स्वच्छ रखेंगे,अपने परिवार को स्वच्छ रखेंगे और इसके साथ-साथ घर, मोहल्ला, नगर सबको स्वच्छ रखेंगे तो निश्चित है कि स्वच्छता हमारे जीवन में शांति लाती है और परमपिता परमात्मा भी हमको सम्पूर्णता का वरदान देते हैं।
ब्रह्माकुमारी अर्चना बहन ने माँ लक्ष्मी देवी का आध्यात्मिक रहस्य बताते हुए कहा कि कैसे उन्होंने अपने लक्ष्य को पूरा करके जीवन को धन-धान्य से भरपूर किया है और सबको भरपूर करती हैं। हम भी अपने लक्ष्य पर एकाग्र रहें। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी सृष्टि बहन ने किया। नन्हीं-मुन्नी कुमारियों की कलाकृतियों ने आए हुए सभी भक्तों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में मनोरमा बहन, शशि बहन, जानकी बहन, पूजा बहन, महेश भाई, प्रसाद भाई, सुनील भाई, खुशबू बहन, ज्योति बहन सहित अनेक भाई-बहन उपस्थित थे।