एसआईआर को लेकर जनता के बीच भ्रम फैला रही कांग्रेस: सांसद कुशवाह

Nov 01 2026

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर महानगर द्वारा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के अंतर्गत ग्वालियर पूर्व विधानसभा की प्रमुख नागरिक गोष्ठी का आयोजन बाल भवन में किया गया। गोष्ठी के मुख्य वक्ता भारत सिंह कुशवाह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया ने की। गोष्ठी में नगर के प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस दीपावली जैसे महत्वपूर्ण और पवित्र त्योहार के अवसर पर देश में अराजकता फैलाने का घृणित प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने राजनीतिक आचरण से स्वयं के हिंदू विरोधी होने का प्रमाण दे रही है। भारत गांधी के विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाला देश है।
मुख्य वक्ता सांसद भारत सिंह कुशवाह ने अपने उद्बोधन में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि कांग्रेस इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था का आवश्यक हिस्सा है। उनके अनुसार, पूर्व में भी इस प्रकार की पुनरीक्षण प्रक्रिया सात बार हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के कुछ दलों ने अपने राजनीतिक हितों के लिए बाहरी लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराने तथा अपना वोट बैंक बढ़ाने का प्रयास किया है।
 कार्यक्रम में मधुसूदन भदौरिया, मुन्नालाल गोयल, राजू पलैया, सुमन शर्मा, रेशु राजावत, चंदन पटेल, रामेश्वर भदौरिया, ओमप्रकाश धनोल, कंवर मंगलानी, विकास साहू, सतेंद्र शर्मा, डॉ. नितेश शर्मा, डॉ. करुणा सक्सेना, राघवेंद्र शर्मा, डॉ. निशिकांत मोघे, राघवेंद्र कुशवाह, प्रिया तोमर, बिरजू शिवहरे, गौरव वाजपेयी सहित नगर के प्रबुद्ध नागरिक एवं मंडल अध्यक्षगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जवाहर प्रजापति ने किया।