अंचल में चक्रवाती सिस्टम के असर से बारिश, किसानों की बढ़ी चिंता

Oct 30 2026

ग्वालियर। ग्वालियर और अंचल में चक्रवाती सिस्टम के असर से मौसम बदल गया है। गुरुवार सुबह से छाए बादलों के बीच शाम को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई, जो शुक्रवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रही। बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली है, लेकिन खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। तेज हवाओं के कारण कई जगह फसल खेतों में बिछ गई है। धूप नहीं निकलने से मौसम में ठंडक बनी हुई है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, चक्रवाती सिस्टम कम दबाव के क्षेत्र में बदलकर उत्तर की ओर नेपाल की तरफ बढ़ रहा है। इसके असर से अंचल में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
अंचल में इन दिनों धान की कटाई का दौर चल रहा है। कई किसानों की फसल कटकर खेतों में पड़ी है, जबकि बड़ी संख्या में खेतों में धान की फसल पककर कटाई के लिए तैयार है। गुरुवार शाम तेज हवाओं और बारिश के कारण खड़ी फसल खेतों में बिछ गई। ग्रामीण इलाकों से मिल रही खबरों के मुताबिक, कई खेतों में खड़ी और कटी हुई धान की फसल पानी में डूबने लगी है। इससे किसानों को नुकसान की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और एहतियात बरतने की सलाह दी है।