महाराणा प्रताप कॉलेज में छठी अंतरविद्यालयीन मॉडल एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित

Oct 30 2026

ग्वालियर। महाराणा प्रताप कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी में छठी अंतरविद्यालयीन मॉडल एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत मॉडल प्रतियोगिता तथा क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।
मॉडल प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तकनीकी समझ का परिचय दिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सरस्वती शिशु मंदिर बादलगढ़ किलागेट, द्वितीय स्थान पीजीवी स्कूल तथा तृतीय स्थान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने प्राप्त किया।
इसी क्रम में क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान एवं विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी बौद्धिक क्षमता, तार्किक सोच और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता का प्रदर्शन किया। क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान एस किंडर गार्डन, द्वितीय स्थान ऋषि गालव स्कूल तथा तृतीय स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उत्कृष्टता क्रमांक-1 मुरार ने हासिल किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जेसी मिल स्कूल के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह देखने योग्य रहा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, टीम भावना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना था। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नए विचारों को समझने और अपने ज्ञान का विस्तार करने का अवसर प्रदान करती हैं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने और आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।