सरकारी जमीन घेरकर अवैध कॉलोनी काट रहे पाार्षद पति, विधायक प्रतिनिधि ने लगाए आरोप

Oct 29 2026

ग्वालियर। ग्रामीण के विधायक प्रतिनिधि जंडेल सिंह यादव ने वार्ड 65 के पार्षद पति पर अवैध कॉलोनी काटने, सरकारी जमीन हड़पने और पहाड़ को खोदकर बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। पत्रकारवार्ता के दौरान यादव ने आरोप लगाया कि वार्ड 65 के पार्षद पति भूपेन्द्र कुशवाह द्वारा 7 बीघा 7 बिसवा जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही है। इस कॉलोनी की न तो नगर निगम से अनुमति है, न ही लाइसेंस है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग को भी गलत जानकारी दी गई है। गणेश कुशवाह पुत्र तीतुरिया कुशवाह के नाम 0.209 हेक्टेयर जमीन दर्शाई गई है, लेकिन उतनी जमीन उनके पास है ही नहीं। सर्वे नम्बर 459/2 में निजी जमीन बताकर रजिस्ट्री कर पजेशन दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शासकीय भूमि पर लगभग 20 से 25 मकान बन चुके हैं। 458/2 में शासकीय पहाड़ दर्ज है जो लगभग 4 बीघा का है, उसको भी घेरकर समतल कर लिया गया है। पूरे पहाड़ को खोदकर उसकी मुरम को खंड के बेच दिया गया है। पहाड़ की जगह में पक्की रोडे डाल दी गई हैं एवं बिजली के खम्बे लगा दिए गए हैं।
वहीं भूपेंद्र कुशवाह का कहना है कि जंडेल सिंह के सभी आरोप बेबुनियाद हैं। मेरी पुश्तेनी जमीन हैं, सभी दस्तावेज मेरे पास हैं। अगले साल निगम चुनाव है, इसलिए मेरी छवि खराब करने के लिए आरोप लगाए जा रहे।