स्वास्थ्य सेवाएं हर जरूरतमंद तक पहुंचे: डॉक्टर केएल शर्मा

Oct 28 2026

ग्वालियर। सेवार्थ जन कल्याण समिति के द्वारा संचालित घासमंडी, सेवार्थ पाठशाला पर लगभग 125 बच्चों एवं 50 पलकों के बीच उन्मुखीकरण करते हुए डॉक्टर शर्मा ने कहा कि किसी राष्ट्र के सशक्तिकरण के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का तत्पर एवं संवेदनशील होना अति आवश्यक है। इस दृष्टि से जिला चिकित्सालय ग्वालियर में कई गांवों को गोद लिए हुए हैं। ग्वालियर में भी स्लम एरिया में जहां स्वास्थ्य के प्रति उदासीनता और भौगोलिक दूरियां है वहां भी कैंप निरंतर संचालित किए जाते हैं। बच्चे किसी राष्ट्र का भविष्य होते हैं। इस दृष्टि से उनके स्वस्थ, सजग और सशक्त होना अति आवश्यक है। इस दृष्टि से यह केवल चिकित्सा शिविर नहीं बल्कि यहां बच्चों को अच्छी जीवन शैली अपनाने एवं उन संस्कारों को अभी से रोपित करने के लिए समझाया गया। जिनके आधार पर किसी राष्ट्र में श्रेष्ठ, चरित्रवान तथा स्वस्थ नागरिक बनते हैं। डॉक्टर नीलेश शर्मा आरएमओ चिकित्सालय, डॉ विशाल राजोरिया, आयुष चिकित्सक, डॉक्टर महिमा, डॉ संदीप पटेल, युवराज शर्मा एवं विजय माहौर ने इस कैंप को संपादित किया। घास मंडी सेवार्थ पाठशाला के स्थानीय संचालक राम स्वदेश राठौर, लाल टिपारा से पाठशाला के संचालक प्रताप सिंह नागर ,शिक्षक, शिक्षिकाएं तथा पालक एवं पत्रकार बंधु भी इस अवसर पर उपस्थित थे। 
अतिथियों ने इस अवसर पर कहा कि चरक तथा धनवंतरी जैसे आयुर्वेद विद्वानों ने समाज को यह उपहार दिया था। आज भी यह पद्धति और उनका क्रियान्वयन करने वाले डॉक्टर उतने ही प्रासंगिक हैं जितने सदियों पूर्व थे। समाज इसकी और पुन: आकर्षित हो रहा है। पाठशाला समूह के अध्यक्ष ओमप्रकाश दीक्षित ने शहर में संचालित 10 केंद्रों तथा गोहद, करेरा, शिवपुरी और झांसी में संचालित बुनियादी शिक्षक केंद्रों की प्रणाली को बताते हुए कहा कि यह सब पाठशालाएं निशुल्क संचालित होती हैं। जहां बच्चों को अक्षर, शब्द, वाक्य, अनुच्छेद तथा गणित में संख्या पद्धति, मूलभूत संक्रियाएं, जोड़, घटाव, गुणा भाग, प्रतिशत इत्यादि की शिक्षा देकर उनकी नींव को मजबूत किया जाता है। नवंबर माह में दीपावली के बाद यह कैंप लाल मल्टी पर संचालित होगा। इस स्थान पर 700 परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निवासरत हैं।