कॉम्बिंग गश्त: 207 वारंटी पकड़े, 262 किए चेक

Oct 26 2026

ग्वालियर। त्योहारों पर शहर और देहात का माहौल अच्छा रहे और बदमाश बदमाशी न कर सकें, इसके लिए पुलिस ने बदमाशों पर सर्जीकल स्ट्राइक करते हुए कॉम्बिंग गश्त की। शहर से लेकर देहात तक पुलिस की टीमें सडक़ों पर उतरीं और फरार बदमाशों, वारंटियों तथा गुंडेहिस्ट्रीशीटरों की तलाश में उनके घरों पर दबिश दी। देर रात तक चली इस कार्रवाई में पुलिस ने 207 वारंटियों को पकड़ा, जबकि 262 गुंडे और हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग की। कार्रवाई के दौरान हस्तिनापुर थाना पुलिस ने एक इनामी बदमाश पकड़ा है। 
प्रभारी पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने बताया कि इस कार्रवाई में एएसपी डॉ. शिवेश सिंह बघेल सहित जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला। बदमाशों को पकडऩे के लिए पुलिस ने एक अलग योजना पर काम किया और दरवाजा नॉक करने से पहले ही उनके घर की घेराबंदी कराई, जिससे बदमाश भाग न सकें।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 106 स्थाई वारंट और 101 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए। इस तरह कुल 207 वारंटियों को पकड़ा गया। पुलिस ने 133 गुंडों और 129 हिस्ट्रीशीटरों की भी चेकिंग की। सक्रिय बदमाशों के ठिकानों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई और आपराधिक रिकॉर्ड अपडेट किए।
होटल, लॉज और ढाबों की भी जांच
पुलिस टीमों ने शहर और देहात के संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान फरार बदमाशों, जिला बदर आरोपियों और जेल से रिहा होकर आए अपराधियों की भी जांच की गई। इसके अलावा होटल, लॉज, धर्मशालाओं, ढाबों और बैंक-एटीएम के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी गई। संदिग्ध वाहनों और मुंह बांधकर दोपहिया वाहन चलाने वालों की भी चेकिंग की गई।
 कॉम्बिंग गश्त के दौरान हस्तिनापुर थाना पुलिस ने एक इनामी बदमाश को पकड़ा। करहिया थाना क्षेत्र में अवैध शराब से जुड़े दो प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि ग्वालियर थाना क्षेत्र में जुए का एक मामला पंजीबद्ध किया गया। इसके अलावा शहर के विभिन्न थानों में धारा 151 जाफौ के तहत तीन प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयां की गईं।
पुलिस ने गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों और अन्य संदिग्धों के घर पहुंचकर उनकी जानकारी जुटाई। साथ ही उन्हें चेतावनी दी कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने तथा अपराधों पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।