शहर से नहीं उठा कचरा, नहीं लगी झाडू

Oct 26 2026

ग्वालियर। दीपावली की सफाई तकरीबन हर घर में प्रारंभ हो चुकी है, सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे को लेने के लिए नगर निगम की गाडिय़ां नहीं पहुंच रही हैं, जिसके कारण जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। कचरे के ढेरों के कारण शहर की सुंदरता पूरी तरह से खराब हो रही है। दीपावली पर सफाई के दौरान तकरीबन 800 टन कचरा निकल रहा है, नगर निगम के संसाधन कचरे को उठाने के लिए नकाफी साबित हो रहे हैं, जिसके कारण जगह-जगह कचरे के ढेर लगने लगे हैं। शहर के कई हिस्सों से दोपहर 12 बजे तक कचरा नहीं उठा। साथ ही सफाई कर्मचारी भी सफाई करने के लिए क्षेत्रों में नहीं पहुंचे, जिसके कारण सडक़ एवं मोहल्लों में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। सडक़ पर पसरी गंदगी के कारण हालत खराब है, कल रविवार था जिसके कारण सफाई कर्मचारियों का अवकाश रहा, वहीं सोमवार को भी सफाई कर्मचारी कई क्षेत्रों में नहीं पहुंचे जिसके कारण लोगों के घरों में दो दिन का कचरा जमा हो गया जिसे मजबूरी में लोगों को सडक़ पर फेंकना पड़ रहा है।