ग्वालियर विज्ञान महोत्सव में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
Oct 26 2026
ग्वालियर। विज्ञान भारती द्वारा आयोजित ग्वालियर विज्ञान महोत्सव 2026 का तृतीय संस्करण अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान के परिसर में संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, रचनात्मकता एवं तकनीकी कौशल को प्रोत्साहित करना तथा ग्वालियर की स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान खोजने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करना था।
महोत्सव के प्रथम दिवस विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 870 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया तथा 95 शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं, दूसरे दिन, महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 350 विद्यार्थियों ने सहभागिता की तथा 200 टीमों ने प्रतियोगिताओं के लिए पंजीयन कराया।
महोत्सव के अंतर्गत नवोन्मेष (आइडिया एवं मॉडल प्रतियोगिता), अभिमत (वाद-विवाद प्रतियोगिता), मंथन (शिक्षक संगोष्ठी), प्रेरणा तथा युक्ति (रील प्रतियोगिता) प्रमुख आकर्षण रहे। दोनों दिनों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचारी विचारों, तार्किक क्षमता एवं तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दोनों दिनों में कुल 24 निर्णायकगण ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के विचारों, मॉडलों एवं प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए प्रतियोगिताओं को सफल बनाने में योगदान दिया।
महोत्सव के प्रथम दिवस पर मध्य प्रदेश बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा, मध्य प्रदेश वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया तथा विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. शिवकुमार शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इन विशिष्ट अतिथियों की सहभागिता ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और विज्ञान एवं नवाचार के प्रति उनकी रुचि को प्रोत्साहित किया।
ग्वालियर विज्ञान महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं युवा नवाचारकर्ताओं को एक साझा मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। इसके माध्यम से स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक एवं तकनीकी समाधान विकसित करने, वैज्ञानिक चेतना को बढ़ावा देने तथा समाजोपयोगी नवाचारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में सार्थक पहल की गई। विज्ञान भारती, ग्वालियर ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, निर्णायकों, अतिथियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया। इस प्रकार ग्वालियर विज्ञान महोत्सव 2026 का तृतीय संस्करण वैज्ञानिक चेतना, नवाचार एवं युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह जानकारी संस्थान की मीडिया प्रभारी दीपा सिंह सिसोदिया के द्वारा प्रदान की गयी।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









