सावित्री श्रीवास्तव को मिला सातवां जल प्रहरी सम्मान

Oct 25 2026

ग्वालियर। जल संरक्षण और जल संसाधनों के प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली ग्वालियर की सावित्री श्रीवास्तव को सातवें जल प्रहरी सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित विश्व युवक केंद्र में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। देशभर से चयनित 31 जल संरक्षकों को इस वर्ष सम्मानित किया गया, जिनमें मध्य प्रदेश से सावित्री श्रीवास्तव सहित मिलिंद पंडित, स्वाति संवत्सर और राजीव शर्मा का नाम भी शामिल है।
सावित्री श्रीवास्तव जल संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह वाटर हीरो, वाटर वूमेन और ग्वालियर की स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के रूप में भी कार्य कर रही हैं। उन्हें जल प्रहरी सम्मान जल की प्रत्येक बूंद बचाने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और जल संसाधनों के संरक्षण के प्रति उनके समर्पण के लिए दिया गया है। यह सम्मान जल संरक्षण के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए जल संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तियों और संगठनों को सम्मानित किया गया। जल प्रहरी निर्णायक मंडल के अध्यक्ष भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजन गोगोई हैं। जल प्रहरी के संयोजक अनिल सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन, नदियों और तालाबों के संरक्षण तथा जनभागीदारी के माध्यम से जल सुरक्षा के लिए काम करने वाले लोगों के योगदान को पहचान दिलाना है।
आयोजन समिति के सदस्य अमन वशिष्ठ ने बताया कि जल प्रहरी सम्मान के माध्यम से अब तक आईएएस, आईपीएस और आरएएस अधिकारियों, गैर-सरकारी संगठनों, किसानों तथा जमीनी स्तर पर जल संरक्षण के लिए काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया जा चुका है। कार्यक्रम में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और भावी पीढिय़ों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया।